आसनसोल । आसनसोल के आश्रम मोड़ के पास सारा भारत गणतांत्रिक महिला समिति की तरफ से विक्षोभ सभा की गई। इस मौके पर केंद्र और राज्य सरकार की जमकर मजम्मत की। उनका कहना था कि केंद्र और राज्य सरकार की नाकामी की वजह से आज पूरे देश और प्रदेश की जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण आज देश में महंगाई चरम पर है। बेरोजगारी सबसे ज्यादा है। उन्होंने कहा कि आज पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस सहित तमाम रोजमर्रा की चीजों की कीमतें आसमान छू रहे हैं। वह राज्य सरकार को लताड़ लगाते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। यहां महिलाएं सुरक्षित नहीं है। आए दिन महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, जो भी इस सब के खिलाफ आवाज उठाता है। उसके खिलाफ ही झूठे केस दिए जाते हैं। उनको सलाखों के पीछे डाल दिया जाता है। ताकि कोई भी तृणमूल कांग्रेस की गलत नीतियों का विरोध न कर सके। इसके साथ ही संगठन की तरफ से पश्चिम बंगाल में शिक्षकों की नियुक्ति में धांधली का आरोप लगाते हुए भी आवाज बुलंद की गई। इस मौके पर शांति मजूमदार, जहाँनारा खान, कृष्णा दासगुप्ता सहित संगठन के तमाम सदस्य उपस्थित थे। आश्रम मोड़ में जनसभा से पहले संगठन की तरफ से वह वेटरन पेट्रोल पंप से एक रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में संगठन के सदस्य मौजूद थे। इसके उपरांत यह रैली आश्रम मोड़ तक पहुंची और यहां एक जनसभा में तब्दील हो गई। इन लोगों ने यहां पथावरोध भी किया। इस आंदोलन के कारण आश्रम मोड़ पर व्यापक जाम की स्थिति पैदा हो गई। वहां पर मौजूद पुलिस के अधिकारियों ने संगठन के नेताओं से बात की और जाम हटाने की अपील की। इस मौके पर महिलाओं के साथ माकपा नेता पार्थ मुखर्जी, मनोज दास, हेमंत सरकार, दीपायन राय, सत्यजीत चटर्जी, जयदीप मुखर्जी सहित अन्य मौजूद थे।