Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

आसनसोल के कल्ला मोड़ पर बड़ा खुलासा! गायों से भरा बिहार नंबर का संदिग्ध वाहन जब्त, पुलिस को देखते ही भागे लोग – कोलकाता ले जाने की थी तैयारी?

शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
पश्चिम बंगाल के आसनसोल में पशुओं के संदिग्ध परिवहन का एक बड़ा मामला सामने आया है। कल्ला मोड़ के पास बिहार नंबर के एक वाहन में बड़ी संख्या में गाय और बैल लदे हुए पाए गए। वाहन को तिरपाल से ढककर पशुओं को ले जाया जा रहा था। घटना के बाद इलाके में हलचल मच गई।

कागज मांगे तो नहीं दे सके जवाब, अपना वाहन बताने से भी किया इनकार

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, वाहन में लदे पशुओं को कोलकाता ले जाने की तैयारी थी। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मौके पर मौजूद लोगों से जब वाहन के मालिकाना हक और पशुओं के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने वाहन अपना होने से भी इनकार कर दिया।

पुलिस को देखते ही फरार हुए लोग, वाहन को टोचन कर ले गई पुलिस

इसी बीच पुलिस के मौके पर पहुंचते ही वहां मौजूद कुछ लोग फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने पशुओं से लदे वाहन को टोचन कर थाने पहुंचाया। मामले में पुलिस ने जांच और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

बिहार-झारखंड से पशु परिवहन पर फिर उठे सवाल

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में अवैध पशु परिवहन और कथित गौ तस्करी को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। आसनसोल और बराकर चेकपोस्ट के आसपास बिहार और झारखंड की ओर से आने वाले पशुओं से लदे वाहनों की आवाजाही भी चर्चा का विषय रही है।

कल्ला मोड़ की इस घटना ने एक बार फिर पुलिस और प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अब इन सवालों के जवाब तलाश रही है पुलिस:
– वाहन में लदे पशुओं को कहां से लाया गया था?
– उन्हें कहां ले जाया जा रहा था?
– क्या पशुओं के परिवहन के लिए जरूरी दस्तावेज मौजूद थे?
– क्या इसके पीछे कोई अवैध नेटवर्क सक्रिय है?

फिलहाल इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।

 

 

  

       

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *