5 सेकंड का वायरल वीडियो बना पुलिस का सबसे बड़ा हथियार! विक्की सिंह हत्याकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, देशबंधु पार्क से पकड़ा गया सूरज प्रसाद
शिल्पांचल टुडे, सालानपुर।
सालानपुर में विक्की सिंह उर्फ अशोक कुमार सिंह हत्याकांड की जांच में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। रूपनारायणपुर फांड़ी की पुलिस ने इस मामले में एक और युवक को गिरफ्तार किया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए महज 5 सेकंड के वीडियो के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिला और इसी के दम पर यह गिरफ्तारी हुई।
वीडियो में दिखा था अहम सुराग
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में जमीन पर गिरे एक युवक के साथ मारपीट की घटना दिखाई दे रही थी। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी।
पुलिस के अनुसार, वीडियो में कथित तौर पर मारपीट करता दिखाई देने वाला युवक जोरबाड़ी निवासी 22 वर्षीय सूरज प्रसाद है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे देशबंधु पार्क इलाके से गिरफ्तार किया।
पहले भी हो चुकी हैं दो गिरफ्तारियां
गौरतलब है कि इस हत्याकांड में इससे पहले सुरेंद्र यादव और दीपक यादव को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में विवाहेतर संबंध को लेकर संदेह हत्या की संभावित वजह के रूप में सामने आया है।
आज कोर्ट में होगी पेशी
गिरफ्तार आरोपी को आज आसनसोल अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
5 सेकंड का वीडियो बना हत्या की गुत्थी सुलझाने में अहम कड़ी, अब पुलिस की जांच में नए खुलासों की उम्मीद।













