Recent Posts

Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

आसनसोल में रक्त संकट के बीच मानवता की मिसाल, 15वें साल भी दक्षिण सोशल वेलफेयर सोसाइटी ने लगाया रक्तदान शिविर

शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
सरकारी अस्पतालों में रक्त की भारी कमी को देखते हुए आसनसोल दक्षिण सोशल वेलफेयर सोसाइटी ने रविवार को मानवता की मिसाल पेश की। संस्था की ओर से 15वें वार्षिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। HDFC बैंक के सहयोग से लगे इस शिविर में 30 से 35 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है। संग्रहित पूरा रक्त आसनसोल जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में जमा किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर जीवनदान मिल सके।

15 सालों से लगातार सेवा

इस अवसर पर संस्था के संयोजक विजय चटर्जी ने कहा कि उनकी संस्था पिछले 15 वर्षों से लगातार रक्तदान शिविर का आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा, “वर्तमान में सरकारी अस्पतालों में रक्त की काफी कमी है। इसी को देखते हुए हमने इस समय शिविर लगाने का निर्णय लिया है।”

अस्पताल प्रबंधन से लगाई गुहार – रक्तदाताओं को मिले प्राथमिकता

विजय चटर्जी ने अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई बार लोग रक्तदाता कार्ड लेकर अस्पतालों के चक्कर लगाते हैं, लेकिन उन्हें रक्त नहीं मिलता, जबकि पैसे देने पर रक्त मिलने की शिकायतें भी सामने आती हैं।

“ऐसी स्थिति नहीं होनी चाहिए। जो लोग स्वेच्छा से रक्तदान करते हैं, उन्हें जरूरत पड़ने पर प्राथमिकता मिलनी चाहिए। इससे और लोग भी रक्तदान के लिए प्रेरित होंगे,” उन्होंने कहा।

थैलेसीमिया पर जताई चिंता, युवाओं से की अपील

विजय चटर्जी ने थैलेसीमिया को लेकर भी जागरूकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शादी से पहले हर युवक-युवती को थैलेसीमिया की जांच जरूर करानी चाहिए। अगर समय रहते जागरूकता बढ़ी तो थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की संख्या घटेगी और ब्लड बैंकों पर दबाव भी कम होगा।

उन्होंने बताया कि दो दिन पहले सरकारी अस्पताल में हुई बैठक में जानकारी मिली थी कि पूरे साल में मुश्किल से 20 हजार रक्तदाता मिल पाते हैं, जबकि जरूरत लगभग 30 हजार यूनिट की है। इसमें सड़क हादसे और अन्य इमरजेंसी के मामले भी शामिल हैं।

उन्होंने कहा, “पूजा या खाने-पीने के कार्यक्रम में लोग बड़ी संख्या में आते हैं, लेकिन रक्तदान जैसे नेक काम के लिए लोगों को एकजुट करना आज भी बड़ी चुनौती है।”

उन्होंने विशेष रूप से 18 से 28 वर्ष के युवाओं से रक्तदान के लिए आगे आने और स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाने की अपील की।

संस्था के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि सोसाइटी सिर्फ रक्तदान ही नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के निःशुल्क नेत्र ऑपरेशन जैसे सामाजिक कार्य भी करती है।

इस अवसर पर डॉ. सज्जन सिंह, बाल विद्यालय स्कूल के शिक्षक डीके यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

 

 

  

       

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *