बांकुड़ा में ‘जीरो पोस्ता खेती’ मिशन! दामोदर नदी किनारे DIG और पुलिस अधिकारियों का औचक छापा, पिंगरुई गांव के चार इलाके में मचा हड़कंप
शिल्पांचल टुडे, बांकुड़ा।
पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में अवैध पोस्ता (अफीम के लिए इस्तेमाल होने वाले पौधे) की खेती पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
इसी अभियान के तहत सोमवार शाम बांकुड़ा रेंज के DIG, DYSP (DEB) सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने दामोदर नदी के किनारे स्थित पिंगरुई गांव के चार (नदी किनारे की रेतीली जमीन) इलाके का औचक निरीक्षण किया।
अचानक बड़े अधिकारियों को इलाके में देखकर पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पिछले साल भी सामने आया था पोस्ता खेती का मामला
जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष भी पिंगरुई गांव में पोस्ता की खेती की खबर सामने आई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार प्रशासन पहले से ही सतर्क है, ताकि इलाके में दोबारा किसी भी तरह की अवैध खेती शुरू न हो सके।
क्षेत्र में अवैध पोस्ता खेती की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से भी बातचीत की।
पुलिस का लक्ष्य – ‘जीरो पोस्ता खेती’
जिला पुलिस प्रशासन का मुख्य उद्देश्य बांकुड़ा में अवैध पोस्ता खेती को पूरी तरह समाप्त करना है। इसके लिए संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी और समय-समय पर औचक निरीक्षण किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इन्हें रोकने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन का संदेश साफ है — बांकुड़ा में अवैध पोस्ता खेती के लिए कोई जगह नहीं, लक्ष्य है ‘जीरो पोस्ता कल्टिवेशन’।













