संकतोड़िया फांड़ी पुलिस का बड़ा खुलासा, बाइक चोर गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार
शिल्पांचल टुडे, कुल्टी।
संकतोड़िया फांड़ी पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की बाइक भी बरामद कर ली है।
मामला संकतोड़िया के न्यू कॉलोनी इलाके का है। 3 नवंबर की रात तापस धीवर ने अपने जीजा की मोटरसाइकिल घर के बाहर खड़ी की और सो गए। सुबह उठे तो बाइक गायब थी। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और गुप्त सूचना के आधार पर 3 लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की बाइक *WB 38 PC 6271* को गंगोतिया रोड के जंगल में एक बड़े नाले से बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम विक्की नुनिया, कांचन मोदक और शुभम साउ बताए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने पिछले 4-5 महीने में कई चोरियां करने की बात कबूली है। उन्होंने बाइक चोरी के अलावा घरों में घुसकर चोरी और संकतोड़िया इलाके में हुई कई चोरियों में शामिल होने की बात भी स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, कांचन मोदक के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब कबूलनामे को पुराने मामलों से मिलाकर जांच कर रही है।
यह कार्रवाई फांड़ी प्रभारी विनय दास के नेतृत्व में की गई। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के दूसरे सामानों की तलाश कर रही है।













