छठ पर यात्रियों के लिए मसीहा बने DRUCC सदस्य शंभु नाथ झा! चोरी हुआ सामान हो या टिकट का पैसा – जरूरतमंद यात्रियों का पूरा खर्च उठाएंगे, दिव्यांग-बुजुर्गों को देंगे व्हीलचेयर
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए DRUCC सदस्य शंभु नाथ झा ने एक सराहनीय पहल की है। गुरुवार आसनसोल चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सचिव शंभु नाथ झा ने DRUCC सदस्य बनने के बाद पहली बार छठ पर्व के उपलक्ष्य में रेलवे द्वारा यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लेने के लिए आसनसोल रेलवे स्टेशन का दौरा किया।
स्टेशन मैनेजर से की मुलाकात
इस दौरान उन्होंने स्टेशन मैनेजर साधन चट्टोपाध्याय एवं वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों से मुलाकात की तथा सभी को अपना परिचय पत्र सौंपा।
बड़ी घोषणा – जरूरतमंद यात्रियों का खर्च उठाएंगे शंभु नाथ झा
उन्होंने कर्मचारियों से अनुरोध किया कि यदि छठ पर्व के दौरान अपने घर जाने वाले किसी यात्री का सामान अथवा नकद राशि किसी कारणवश चोरी हो जाती है, तो यात्री की सत्यता की जांच कर तत्काल उन्हें सूचित करें। ऐसे जरूरतमंद यात्रियों के टिकट एवं खाने-पीने की पूरी व्यवस्था का खर्च वे स्वयं वहन करेंगे।
उन्होंने कहा कि केवल टिकट के अभाव में कोई भी यात्री छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर अपने घर और परिवार तक नहीं पहुँच पाए, यह अत्यंत दुखद बात है। किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को छठ पर्व पर अपने परिवार से मिलने से वंचित नहीं होना चाहिए।
दिव्यांग और बुजुर्गों के लिए व्हीलचेयर का आश्वासन
इसके अतिरिक्त, उन्होंने स्टेशन मैनेजर को आश्वासन दिया कि जल्द ही दिव्यांगजनों एवं बुजुर्ग यात्रियों की सुविधा के लिए वे व्हीलचेयर उपलब्ध कराएंगे।
अंत में, उन्होंने छठ पर्व के अवसर पर यात्रियों की सुविधा एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन द्वारा किए गए प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
सेवा, सहयोग और सामाजिक दायित्व के प्रति यह पहल निश्चित रूप से सराहनीय है।













