आसनसोल में गूंजेगा “कांचे ही बांस के बहंगिया”! नगर निगम की अनोखी पहल, मंत्री अग्निमित्र पाल ने 4 छठ रथ को दिखाई हरी झंडी – पूरे शहर में बहेगी भक्ति की बयार
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर आसनसोल में तैयारियां अब अपने चरम पर हैं। पर्व के उत्साह को बढ़ाने और पूरे शहर को छठमय बनाने के उद्देश्य से आसनसोल नगर निगम की ओर से एक विशेष पहल की गई है। इसी कड़ी में मंत्री अग्निमित्र पाल ने हरी झंडी दिखाकर चार विशेष छठ रथ को रवाना किया।
शहर के कोने-कोने में गूंजेंगे छठ गीत
ये विशेष वाहन शहर के विभिन्न इलाकों में घूमकर छठ पूजा से जुड़े भक्तिमय गीतों के माध्यम से लोगों को महापर्व की शुभकामनाएं देंगे। इस पहल का उद्देश्य छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के बीच पर्व की खुशियां पहुंचाना तथा पूरे शहर में छठ पूजा के प्रति उत्साह और उल्लास का माहौल बनाना है।
नगर निगम की इस पहल के तहत चार विशेष वाहन आसनसोल के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचेंगे। इन वाहनों के माध्यम से छठ पूजा के पारंपरिक गीत और भक्ति संगीत सुनाए जाएंगे, जिससे शहर के वातावरण में छठ महापर्व की धार्मिक और सांस्कृतिक छटा देखने को मिलेगी।
छठ महापर्व को लेकर बढ़ रही रौनक
छठ पूजा को लेकर आसनसोल और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में रहने वाले श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहता है। ऐसे में नगर निगम की यह पहल पर्व की खुशियों को लोगों तक पहुंचाने और छठ की परंपरा से जुड़े सांस्कृतिक माहौल को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
चार दिवसीय छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालु सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना करते हैं। इस अवसर पर व्रती अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं।
आसनसोल नगर निगम की ओर से की गई इस विशेष पहल से शहर के विभिन्न इलाकों में छठ पूजा की रौनक और बढ़ने की उम्मीद है। भक्तिमय गीतों के माध्यम से लोगों तक पर्व की शुभकामनाएं पहुंचाने का यह प्रयास छठ महापर्व के उत्साह को और भी खास बनाएगा।














