मंदिर-स्कूल के बगल में शराब बार! पांडवेश्वर में फूटा लोगों का गुस्सा, विधायक के निरीक्षण में खुली पोल – “लाइसेंस लेते वक्त स्कूल-मंदिर छिपाया गया या अधिकारियों ने आंखें मूंद लीं?”
शिल्पांचल टुडे, पांडवेश्वर।
स्कूल और मंदिर के बिल्कुल पास शराब बार चलने को लेकर पांडवेश्वर में बवाल मच गया है। स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों की शिकायत पर पाण्डवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी मौके पर पहुंचे और बार का निरीक्षण कर पूरे मामले की पोल खोल दी।
दस्तावेज मांगने पर प्रबंधन की बोलती बंद
निरीक्षण के दौरान बार प्रबंधन से ट्रेड लाइसेंस और शराब बार संचालन के लिए जरूरी अनुमति से जुड़े दस्तावेजों के बारे में जानकारी मांगी गई।
इस दौरान सबसे बड़ा सवाल यह उठाया गया कि लाइसेंस के लिए आवेदन करते समय आसपास स्थित स्कूल और मंदिर की जानकारी संबंधित विभाग को दी गई थी या नहीं?
दो ही संभावना – धोखा या मिलीभगत!
निरीक्षण करने वाले जनप्रतिनिधि ने साफ कहा –
“अगर किसी महत्वपूर्ण जानकारी को छिपाकर लाइसेंस लिया गया है, तो यह सीधा धोखा है और नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।”
“और अगर अधिकारियों को स्कूल और मंदिर की मौजूदगी की जानकारी होने के बावजूद अनुमति दी गई है, तो इस फैसले का आधार भी स्पष्ट किया जाना चाहिए।”
“बच्चों का भविष्य और परिवारों की शांति सबसे पहले”
उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा, बच्चों का भविष्य और स्थानीय परिवारों का शांतिपूर्ण जीवन सर्वोपरि है। स्कूल के पास शराब बार होने से बच्चों पर गलत असर पड़ता है और मंदिर के पास होने से लोगों की आस्था को ठेस पहुंचती है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जांच कर कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
अब सबकी नजर इस पर है कि संबंधित विभाग इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और बार के लाइसेंस से जुड़े दस्तावेजों की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।














