बेटियां बोलीं – हम रुकेंगी नहीं, हम झुकेंगी नहीं! शक्ति सखी दल के बैनर तले गूंजा “बेटी बचाओ – बेटी पढ़ाओ” का नारा, आशा किरण NGO की अध्यक्ष आशा शर्मा बोलीं – “हर बेटी को बनाना है आत्मनिर्भर और निडर”
शिल्पांचल टुडे, सालानपुर।
जिला समाज कल्याण विभाग, पश्चिम बर्धमान के तत्वावधान में और आशा किरण NGO के सहयोग से “शक्ति सखी – एक किशोरी दल” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम मिशन शक्ति के अधीन “बेटी बचाओ – बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत आयोजित हुआ, जिसमें स्कूल की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
आशा किरण संस्था की तरफ से कल्याणेश्वर हाई स्कूल में बेटी बचाओ – बेटी पढ़ाओ जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अभियान में स्कूल की छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का मकसद बालिकाओं की सुरक्षा, उत्तरजीविता और उनकी शिक्षा को सुनिश्चित करना था।
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ भारत सरकार की एक प्रमुख योजना है, जिसका उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुप्रथाओं को रोकना और समाज में लिंग अनुपात में सुधार लाना है। इसी संदेश को छात्राओं तक पहुंचाने के लिए यह जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
छात्राओं को दी गई जरूरी जानकारी
अभियान के दौरान छात्राओं को बाल विवाह रोकथाम, शिक्षा का महत्व, आत्मरक्षा, स्वास्थ्य और महिला सुरक्षा के बारे में जागरूक किया गया। छात्राओं ने भी संकल्प लिया कि वे पढ़ाई जारी रखेंगी और समाज में बेटियों के अधिकारों के लिए आवाज उठाएंगी।
मौके पर मौजूद रहीं आशा किरण NGO की अध्यक्ष आशा शर्मा
कार्यक्रम में आशा किरण NGO की अध्यक्ष आशा शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं से भावुक अंदाज में बात की।
आशा शर्मा का दिल छू लेने वाला वक्तव्य –
“बेटी बोझ नहीं होती, बेटी तो घर की लक्ष्मी होती है। जिस घर में बेटी हंसती है, उस घर में खुशियां अपने आप आ जाती हैं।”
“आज भी कहीं-कहीं बेटी को कमजोर समझा जाता है, लेकिन मैं कहना चाहती हूं कि बेटी कमजोर नहीं, बेटी ही सबसे बड़ी ताकत है। बेटी पढ़ेगी तो दो परिवारों को रोशन करेगी।”
“मैं हर माता-पिता से हाथ जोड़कर विनती करती हूं, अपनी बेटी को पढ़ाइए, उसे आगे बढ़ने का मौका दीजिए। उसे मत रोकिए, उसे उड़ने दीजिए। क्योंकि आज की बेटी ही कल की डॉक्टर, टीचर, अफसर और देश की नेता बनेगी।”
“आशा किरण संस्था का वादा है, हम हर बेटी के साथ हैं। जहां बेटी को जरूरत होगी, वहां हम खड़े मिलेंगे।”
आशा शर्मा के इस वक्तव्य को सुनकर पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। कई छात्राओं की आंखें नम हो गईं।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने नारा लगाया – “बेटी बचाओ – बेटी पढ़ाओ, बेटी ही देश का भविष्य बनाओ”













