ईसीएल के सतग्राम-श्रीपुर क्षेत्र में राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन पर बैठक, कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग पर जोर
शिल्पांचल टुडे , आसनसोल।
ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) के सतग्राम-श्रीपुर क्षेत्र में राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को लेकर 14 नवंबर 2026 को क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री रॉबिन थौनाउजा ने की।
बैठक में सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रगतिशील प्रयोग, राजभाषा संबंधी नियमों के पालन और हिंदी में कार्यालयीन कार्यों को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान राजभाषा अधिनियम, 1963 की धारा 3(3) के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसके अंतर्गत आने वाले निर्धारित दस्तावेज हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में जारी करना अनिवार्य है। इसके अलावा कंप्यूटर में हिंदी फोनेटिक कीबोर्ड के उपयोग तथा भारत सरकार के राजभाषा विभाग के BHARATI अनुवाद पोर्टल के माध्यम से अनुवाद करने की प्रक्रिया पर भी जानकारी साझा की गई।
बैठक में क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न खान समूहों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। सभी ने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक उपयोग और राजभाषा से जुड़े सरकारी प्रावधानों का प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई।
ईसीएल प्रबंधन ने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के सहज और नियमित प्रयोग को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए राजभाषा के प्रभावी कार्यान्वयन पर विशेष जोर दिया।
संदेश: राजभाषा हिंदी — कार्यालयीन कार्यों में सहज प्रयोग, हमारी सामूहिक जिम्मेदारी।













