भातार के बादशाही रोड पर भीषण सड़क हादसा, SBSTC बस ने टैंकर को पीछे से मारी टक्कर; 25 यात्री घायल
शिल्पांचल टुडे, बर्दवान।
पूर्व बर्दवान जिले के भातार थाना क्षेत्र के बादशाही रोड पर मंगलवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। बर्दवान से नतूनहाट जा रही दक्षिण बंगाल राज्य परिवहन निगम (SBSTC) की सरकारी बस आगे चल रहे एक टैंकर से ।
पीछे से टकरा गई। इस हादसे में करीब 25 यात्री घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, SBSTC की बस बर्दवान से नतूनहाट की ओर जा रही थी। इसी दौरान बादशाही रोड पर बस चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस आगे चल रहे टैंकर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। कई यात्री चोटिल हो गए।
हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे और घायल यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक भी घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटना की स्थिति का जायजा लिया। वहीं, हादसे के कारण बादशाही रोड पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक परिवहन में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
