थाने से 100 मीटर दूर भी नहीं बचा घर! बाराकर में चोरों का आतंक, व्यवसायी के घर से लाखों के गहने और नकद उड़ा – पुलिस गश्त पर उठे सवाल
शिल्पांचल टुडे, कुल्टी।
इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ताजा घटना में चोरों ने बाराकर के पालपाड़ा निवासी व्यवसायी श्यामसुंदर अग्रवाल के घर को निशाना बनाया। हैरानी की बात यह है कि उनका घर बाराकर पुलिस फाड़ी से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित है।
घर खाली देख चोरों ने किया हाथ साफ
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को श्यामसुंदर अग्रवाल अपने परिवार के साथ धनबाद में एक रिश्तेदार के घर गए हुए थे। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने रात के अंधेरे में वारदात को अंजाम दिया। चोर मुख्य दरवाजे का ताला और खिड़की तोड़कर घर में दाखिल हुए। इसके बाद तीन कमरों के ताले तोड़कर अलमारियों को खंगाला।
परिवार के अनुसार, चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण और करीब 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
सुबह लौटे तो उड़े होश
गुरुवार सुबह जब परिवार वापस लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर कमरों के ताले टूटे हुए थे और अलमारियों का सामान बिखरा पड़ा था। यह दृश्य देखकर परिवार के सदस्य सकते में आ गए।
घटना की सूचना तत्काल बाराकर पुलिस फाड़ी को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस गश्ती पर उठे सवाल
पुलिस फाड़ी से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई इस चोरी की घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बाराकर में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
लोगों ने पुलिस से इलाके में रात्रिकालीन गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और चोरी की घटनाओं में शामिल लोगों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
अब सवाल यह है कि जब चोर थाने के इतने करीब वारदात को अंजाम दे रहे हैं, तो आम लोगों के घरों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?













