IIT खड़गपुर के 75 साल! प्लेटिनम जुबली में पहुंचे PM मोदी, जारी किया 75 रुपये का स्मारक सिक्का, 75 छात्रों से किया संवाद – बोले, बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन तक पहुंचा भारत
शिल्पांचल टुडे, खड़गपुर।
देश के पहले भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) खड़गपुर के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शनिवार को आयोजित भव्य प्लेटिनम जुबली समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने संस्थान की 75 वर्षों की उपलब्धियों को याद किया और विद्यार्थियों से संवाद किया।
प्रधानमंत्री मोदी शनिवार सुबह कलाईकुंडा एयरफोर्स बेस पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग से IIT खड़गपुर परिसर पहुंचे। समारोह में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर.एन. रवि, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
75 विद्यार्थियों से संवाद, रिसर्च और तकनीक का लिया जायजा
प्रधानमंत्री ने संस्थान के 75 विद्यार्थियों के साथ ’75 Voices for Viksit Bharat’ पहल के तहत बातचीत की। इस संवाद में विद्यार्थियों ने विकसित भारत के सपनों और भविष्य की चुनौतियों पर अपने विचार साझा किए।
उन्होंने IIT खड़गपुर में विकसित किफायती मेडिकल तकनीक और स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने से जुड़े नवाचारों का भी जायजा लिया। प्रधानमंत्री ने छात्रों के इनोवेशन की सराहना की और उन्हें देश के विकास में बड़ी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
75 रुपये का स्मारक सिक्का जारी
समारोह का एक प्रमुख आकर्षण IIT खड़गपुर के 75 वर्ष पूरे होने पर विशेष स्मारक सिक्के का अनावरण रहा। प्रधानमंत्री ने संस्थान की प्लेटिनम जुबली के अवसर पर यह सिक्का जारी किया। इस सिक्के पर IIT खड़गपुर की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा की झलक देखने को मिली।
बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन तक बदलते भारत की चर्चा
प्रधानमंत्री ने भारत के पिछले 75 वर्षों के सफर का उल्लेख करते हुए बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन तक के बदलाव की बात कही। उन्होंने विज्ञान, तकनीक और आधारभूत ढांचे में देश की बढ़ती क्षमता को विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ा।
उन्होंने कहा कि 75 साल पहले जब IIT खड़गपुर की शुरुआत हुई थी, तब भारत चुनौतियों से जूझ रहा था, लेकिन आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है।
1951 से देश की सेवा कर रहा IIT खड़गपुर
वर्ष 1951 में स्थापित IIT खड़गपुर देश का पहला IIT है। तकनीकी शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में इस संस्थान ने देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यहां से निकले हजारों इंजीनियर, वैज्ञानिक और उद्यमी आज देश-विदेश में भारत का नाम रोशन कर रहे हैं।
