Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

रानीगंज में 1600 मातृशक्ति को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, Sweet Home Foundation ने शुरू किया विशेष अभियान

शिल्पांचल टुडे, रानीगंज।

महिलाओं को रोजगार से जोड़ने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के उद्देश्य से Sweet Home Foundation ने रानीगंज में एक विशेष पहल शुरू की है। संस्था का दावा है कि इस अभियान से वर्तमान में करीब 1600 मातृशक्ति जुड़ी हुई हैं।
कार्यक्रम में संस्था की ओर से मुन्ना सिंह ने बताया कि महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए एक बड़े सिलाई केंद्र की स्थापना की योजना बनाई गई है। इसके तहत महिलाओं को सिलाई का काम देने के साथ-साथ आवश्यक कच्चा माल भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे घर बैठे भी काम कर सकें।
उन्होंने बताया कि इस पहल के माध्यम से फिलहाल 1600 महिलाओं को जोड़ने का प्रयास किया गया है। वहीं, आने वाले दिनों में कम से कम 51 आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
इस अभियान से 7 नंबर गिरजापाड़ा, रोनाई, अंडाल, काजोड़ा, मंगलपुर, गोपालपुर, रानीगंज और कुमारबाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोग जुड़ रहे हैं।
संस्था का एक अन्य प्रमुख उद्देश्य केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है। इसके लिए ऐसे जरूरतमंद लोगों की पहचान की जाएगी, जो अब तक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। संस्था की ओर से उन्हें आवश्यक जानकारी और सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
इस अवसर पर भाजपा नेता बादशाह चटर्जी और शमशेर सिंह ने कहा कि Sweet Home Foundation की शुरुआत रानीगंज ब्लॉक से की जा रही है। उनका कहना है कि संस्था का उद्देश्य केवल संगठन बनाना नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और विशेषकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम करना है।
उन्होंने कार्यक्रम में लोगों की भागीदारी पर संतोष व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस पहल को सहयोग देने की बात कही।
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश सदस्य मनोज ओझा, तपन चक्रवर्ती, BMS के केंद्रीय सदस्य जगन्नाथ चौबे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
अब नजर इस बात पर रहेगी कि रोजगार, महिला सशक्तिकरण और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के इन लक्ष्यों को संस्था जमीनी स्तर पर किस तरह पूरा करती है।

 

 

  

       

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *