Recent Posts

Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

रानीगंज से जामुड़िया तक लाल झंडे का तूफान! CITU ने किया ‘दिल्ली चलो’ का ऐलान, बोले – कोलियरी बचाओ, गांव बचाओ, श्रम संहिता रद्द करो

शिल्पांचल टुडे, रानीगंज-जामुड़िया।
कोयलांचल में बुधवार को श्रमिकों की एकता और हक की लड़ाई की गूंज सुनाई दी। CITU ने रानीगंज में विशाल जुलूस और जामुड़िया की पड़ासिया कोलियरी गेट पर जोरदार सभा कर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ बिगुल फूंक दिया। दोनों जगह एक ही नारा गूंजा – ‘कोलियरी बचाओ, गांव बचाओ, श्रम संहिता रद्द करो’ और ‘दिल्ली चलो’।

रानीगंज में लाल झंडों के साथ विशाल जुलूस

बुधवार दोपहर रानीगंज के पोस्ट ऑफिस मैदान से CITU की रानीगंज शाखा का जुलूस निकला। लाल झंडों के साथ सैकड़ों श्रमिक बाजार, राजाबांध मोड़ होते हुए रेलवे स्टेशन के सामने पहुंचे।

जुलूस का नेतृत्व सुप्रियो राय और हेमंत प्रभाकर ने किया। समापन पर श्रमिक नेता रामकृष्ण चटर्जी ने कहा – देश और आम लोगों की रोजी-रोटी की रक्षा के लिए श्रमिकों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।

CITU की 7 बड़ी मांगें

– चारों श्रम संहिताओं को रद्द किया जाए
– न्यूनतम वेतन 26 हजार और पेंशन 10 हजार रुपये हो
– रिक्त पद भरे जाएं, ठेका प्रथा बंद हो
– SIR वापस लिया जाए, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें
– किसानों-श्रमिकों को न्याय मिले
– जल, जमीन, जंगल की रक्षा हो
– श्रमिक विरोधी कार्रवाई बंद हो

पड़ासिया कोलियरी गेट पर गरजे नेता

इससे पहले सुबह 8:30 से 10 बजे तक जामुड़िया की पड़ासिया कोलियरी गेट पर CMSI-CITU की गेट सभा हुई। मुख्य वक्ता महासचिव मनोज दत्त रहे। उनके साथ कलीमुद्दीन अंसारी, मैनाक मंडल, धर्म मंडल ने संबोधित किया। संचालन दारा बाउरी ने किया।

सभा में हरे राम, जयदेव मंडल, काजल बाउरी, अमर मंडल, स्वपन गोप समेत सैकड़ों श्रमिक मौजूद रहे। नेताओं ने कहा – कोलियरी बंद हुई तो सिर्फ खदान नहीं, गांव और लोगों की रोजी-रोटी भी उजड़ जाएगी।

दिसंबर में दिल्ली में होगा संसद अभियान

CITU ने 1 से 3 दिसंबर 2026 तक दिल्ली में संसद अभियान और 15 से 22 दिसंबर तक पदयात्रा का ऐलान किया है।

रानीगंज और जामुड़िया से उठी इस आवाज ने साफ कर दिया है कि श्रमिक अब अपनी लड़ाई को दिल्ली तक ले जाने के लिए तैयार हैं।

 

 

  

       

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *