Recent Posts

Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

‘EVM पर ‘पहरे’ की जंग: स्ट्रॉन्ग रूम बना सियासी अखाड़ा, अग्निमित्रा बोलीं TMC पर भरोसा नहीं, कांग्रेस को ‘EVM बदलने’ का डर’

आसनसोल । पहले चरण की रिकॉर्ड 90.29% वोटिंग के बाद अब पश्चिम बर्दवान में लड़ाई बूथ से हटकर स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंच गई है। आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज में बनी EVM की तिजोरी के बाहर सियासी पारा चढ़ गया है। 6 विधानसभा सीटों की किस्मत अब तीन लेयर की सुरक्षा में कैद है। 

DM की गारंटी: ‘परिंदा भी पर नहीं मार सकता’
शुक्रवार को जिला शासक एस. पोन्नबलम खुद स्ट्रॉन्ग रूम पहुंचे और सुरक्षा का जायजा लिया। उन्होंने साफ किया, “केंद्रीय बलों की प्लाटून 24×7 तैनात है। हर EVM को सभी दलों के एजेंटों के सामने सील किया गया है। CCTV और वीडियोग्राफी से चप्पे-चप्पे पर नजर है।”

BJP का हमला: ‘जनता पर भरोसा, TMC की नीयत पर नहीं’
भाजपा प्रत्याशी अग्निमित्रा पॉल ने सीधे TMC पर निशाना साधा। वोटिंग वाले दिन अपनी गाड़ी पर हमले का जिक्र करते हुए बोलीं, “हमें बंगाल की जनता पर पूरा भरोसा है। लेकिन TMC की पुरानी आदतें सब जानते हैं। इसलिए हम एक पल के लिए भी मुस्तैद रहना नहीं छोड़ेंगे। हमारे कार्यकर्ता स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर डटे हैं।”

कांग्रेस का वार: ‘EVM बदलना कड़वी सच्चाई है’
कांग्रेस प्रत्याशी प्रसेनजीत पुईतुंडी ने सबसे बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “EVM बदले जाने की आशंका कोई अफवाह नहीं, कड़वी सच्चाई है। बंगाल में पहले भी खेल हो चुके हैं। प्रशासन सुरक्षा और बढ़ाए और सभी दलों को पहरेदारी की खुली छूट दे। लोकतंत्र बचाना है तो भरोसा जीतना होगा।”

6 सीटों की किस्मत सील
आसनसोल उत्तर, दक्षिण, कुल्टी, बाराबनी, रानीगंज और जामुड़िया की EVM अब स्ट्रॉन्ग रूम में बंद हैं। बाहरी घेरे में राज्य पुलिस, बीच में CRPF के जवान और अंदर डिजिटल पहरा है।

4 मई को खुलेगा ‘लॉक’
प्रशासन ने दोहराया कि 4 मई को मतगणना तक मशीनें पूरी तरह सुरक्षित रहेंगी। लेकिन तब तक BJP, TMC और कांग्रेस तीनों के एजेंट स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर टेंट लगाकर ‘जागरण’ कर रहे हैं।

90% से ज्यादा वोटिंग के बाद अब सबकी नजर इसी ‘लोहे के कमरे’ पर टिकी है। यहीं से तय होगा कि ‘1 नंबर’ जीतेगा या ‘बॉटम 3 नंबर’।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *