आसनसोल उत्तर: कांग्रेस को वोट देने पर युवक की पीट-पीटकर हत्या का आरोप, थाने के बाहर शव रखकर किया प्रदर्शन
Oplus_0
मृतक का फाइल फोटो
आसनसोल । आसनसोल उत्तर विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी प्रसेनजीत पोइतुंडी के आवास अनन्या कॉम्प्लेक्स के बाहर शुक्रवार रात एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक का नाम दीप चटर्जी(42) बताया जा रहा है। उक्त बातें कांग्रेस उम्मीदवार प्रसेनजीत पोइतुंडी के चुनाव एजेंट शाह आलम ने पत्रकारों को बताई।

उन्होंने कहा कि दीप चटर्जी अनन्या कॉम्प्लेक्स में ही रहते थे। शुक्रवार रात वे किसी निमंत्रण से अपनी पत्नी के साथ लौट रहे थे। गेट के पास कल्याणपुर हाउसिंग इलाके के कुछ युवक खड़े थे।
आरोप है कि वे स्थानीय पार्षद के समर्थक बताए जा रहे हैं।
दीप से उनकी बहस हो गई। दीप ने कहा कि “ज्यादा बक-बक करेगा तो प्रसेनजीत दा को बुलाऊंगा”। इस पर आरोपियों ने पूछा प्रसेनजीत क्या कर लेगा? वोट किसे दिया था? दीप ने जवाब दिया प्रसेनजीत दा को, कांग्रेस को वोट दिया। इसके बाद आरोपियों ने दीप के साथ हाथापाई शुरू कर दी। लात-घूंसों से इतना मारा कि उसका हाथ टूट गया। पत्नी के सामने ही उसे बेरहमी से पीटा गया। शाह आलम ने बताया कि पत्नी ने हाथ जोड़कर कहा “छोड़ दो, छोड़ दो, कुछ करो ना।”
लेकिन आरोपी नहीं रुके। मारपीट के बाद दीप गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद है। घटना की खबर मिलते ही प्रत्याशी प्रसेनजीत पोइतुंडी खुद अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने दीप को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता शव लेकर आसनसोल साउथ थाने की पुलिस पीपी पहुंच गए।
प्रत्याशी प्रसेनजीत पोइतुंडी ने कहा “जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, तब तक शव यहीं रहेगा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
“कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं, इसलिए ड्रामा कर रही है” – वी शिवदासन दासू
दीप चटर्जी की मौत के बाद कांग्रेस के प्रदर्शन पर टीएमसी के प्रदेश सचिव वी शिवदासन दासू ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा आज तक ऐसी घटना कहीं नहीं हुई। कांग्रेस कोई बड़ा फैक्टर नहीं है। पश्चिम बंगाल की राजनीति में, आसनसोल की राजनीति में भी नहीं। उन्होंने कहा कि वोट देने पर मार देंगे?”
अरे, एक वोट दे दिया तो क्या किसी को मार देंगे? ये आरोप बेबुनियाद हैं। कांग्रेस के हाथ में कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए ऐसी गंदी राजनीति कर रही है।
पुलिस जांच करेगी: पुलिस जांच करेगी। दोषी को गिरफ्तार करेगी। जांच के बाद ही पता चलेगा कि मामला क्या है। अभी तो चुनाव आयोग का समय है। नतीजे भी नहीं आए।
वी शिवदासन दासू ने कहा कि यह नहीं कहा जा सकता कि पुलिस तृणमूल का साथ दे रही है। पुलिस देखेगी कि कांग्रेस की शिकायत में दम है या नहीं। मैं कह सकता हूँ कि आज तक आसनसोल में वोट देने पर मारने की घटना नहीं हुई।
पॉलिटिकल मूवमेंट के लिए रास्ता
कांग्रेस के पास ड्रामा करने के अलावा कुछ नहीं बचा। एक पॉलिटिकल मूवमेंट करने के लिए इन्हें रास्ता मिल गया है।
पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चश्मदीदों के बयान के आधार पर कार्रवाई होगी। इलाके में धारा 144 लगा दी गई है।












