आसनसोल । पूर्व रेलवे, आसनसोल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक चेतनानंद सिंह के संरक्षण और अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी-सह-अपर मंडल रेल प्रबंधक आशीष भारद्वाज के कुशल मार्गदर्शन में राजभाषा हिंदी के प्रयोग प्रसार में सतत अग्रसर है। उल्लेखनीय है कि मंडल में 01 सितंबर, 2023 से 27 सितंबर,2023 तक राजभाषा पखवाड़ा-23 का आयोजन किया जा रहा है। इसी आयोजन की एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में आज मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के “दामोदर सभाकक्ष” में मंडल के अधिकारियों के लिए हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कुल 20 अधिकारियों ने हिस्सा लिया, जिनमें शाखा स्तर के अधिकारी, मंडल स्तर के अधिकारी और सहायक स्तर के अधिकारीगण शामिल थे। कार्यक्रम के आरंभ में राजभाषा अधिकारी, डाॅ.मधुसूदन दत्त ने अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी-सह-अपर मंडल रेल प्रबंधक आशीष भारद्वाज सहित अन्य उपस्थित प्रतिभागी अधिकारियों का स्वागत किया एवं प्रतियोगिता की रूपरेखा, प्रस्तुति व अंक-प्रणाली से सभी को अवगत कराया। तत्पश्चात अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी के संबोधन के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ।अपने संबोधन में उन्होंने वर्तमान दौर में प्रतियोगिता और खासकर राजभाषा हिंदी में प्रतियोगिता की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि इससे लोगों में हिंदी के प्रति एक उत्साह एवं अपने आप को ऐसे अवसरों के लिए प्रस्तुत रहने के प्रति प्रेरित करता है। साथ ही, हमारी जानकारियों को अद्यतन करने में ऐसी प्रतियोगिताएं सहायक सिद्ध होती हैं। प्रतियोगिता पाॅवर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से संचालित की गई और प्रतिभागी अधिकारियों ने प्रश्न के दिए गए चार विकल्पों में से अपने चयनित उत्तर के लिए उत्तर-पत्रक में टिक लगाते हुए पूरा किया। इस प्रतियोगिता में सफल होने वाले प्रतिभागियों के लिए प्रथम, द्वितीय, तृतीय के एक-एक और तीन प्रेरणा पुरस्कार दिए जाने का प्रावधान किया गया है, जो 27 सितंबर, 2023 को राजभाषा पखवाड़ा के समापन समारोह के अवसर पर प्रदान किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का संचालन राजभाषा अधिकारी, डॉ मधुसूदन दत्त ने किया।