दुर्गापुर के एक घर में हुई विस्फोट से युवक घायल, पुलिस मामले की जांच में जुटी
दुर्गापुर । दुर्गापुर के डीएसपी टाउनशिप के न्यूटन रोड, 17 नंबर स्ट्रीट स्थित एक घर में हुए विस्फोट से इलाके में दहशत फैल गई। इस घटना में एक युवक बुरी तरह झुलस गया। की है। घायल युवक की पहचान सजल देवनाथ (30) के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में दुर्गापुर उपमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना ने दुर्गापुर नगर निगम के वार्ड नंबर 7 में हड़कंप मचा दिया। सूचना मिलते ही दुर्गापुर थाना की पुलिस व्यापक संख्या में मौके पर पहुंची। जानकारी के अनुसार, सजल देवनाथ 17 नंबर स्ट्रीट पर एक मिट्टी के घर में रहता था। बुधवार सुबह उसी घर से तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और देखा कि सजल दर्द से कराह रहा था। दुर्गापुर थाना को सूचना देने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस सजल को पहले दुर्गापुर इस्पात अस्पताल ले गई, फिर शोभापुर के एक निजी मेडिकल कॉलेज अस्पताल और अंत में दुर्गापुर उपमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के सहायक पुलिस आयुक्त (दुर्गापुर) सुबीर राय ने बताया कि युवक घर में बारूद के साथ कोई प्रयोग कर रहा था, तभी किसी तरह आग लग गई। इस आग से वह घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घर के चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई है और बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया है। पूरी घटना की गहन जांच की जा रही है। इस घटना ने स्थानीय लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है और पुलिस पूरे मामले की तह तक जाने के लिए तत्पर है।