Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

सालानपुर में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पति हिरासत में – हत्या या आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

शिल्पांचल टुडे, सालानपुर।
जेमारी के बाउरी पाड़ा इलाके में शनिवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक 26 वर्षीय विवाहिता का शव उसके ससुराल में मिला। मृतका की पहचान नमिता बाउरी उर्फ काजली (26) के रूप में हुई है।

4 साल पहले हुई थी शादी, ढाई साल की बेटी है

जानकारी के मुताबिक, नमिता की शादी करीब 4 साल पहले श्रीकांत बाउरी से हुई थी। दंपति की ढाई साल की एक मासूम बेटी भी है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।

मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके वाले मौके पर पहुंचे और उन्होंने सीधे तौर पर हत्या का आरोप लगाया। इस संबंध में उन्होंने सलानपुर थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति श्रीकांत बाउरी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *