कोलकाता एयरपोर्ट पर CISF की बड़ी कार्रवाई: 1.13 करोड़ के अमेरिकी डॉलर के साथ बैंकॉक जा रहे 2 यात्री धराए, अखबार में लपेटकर छिपाए थे नोट
शिल्पांचल टुडे, कोलकाता।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा बलों ने विदेशी मुद्रा तस्करी की बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया है। CISF की सतर्कता से ₹1.13 करोड़ मूल्य के अमेरिकी डॉलर बरामद किए गए हैं।
X-BIS मशीन में पकड़ा गया खेल
मिली जानकारी के अनुसार, एक पुरुष और एक महिला यात्री बैंकॉक जाने के लिए एयरपोर्ट पर पहुंचे थे। उनके हैंड बैगेज की जब X-BIS मशीन से जांच की गई तो अंदर संदिग्ध तस्वीरें दिखीं।
शक होने पर CISF जवानों ने दोनों बैग की गहन तलाशी ली। तलाशी में कुल 1,19,900 अमेरिकी डॉलर बरामद हुए।
– पुरुष यात्री के बैग से: 74,900 डॉलर
– महिला यात्री के बैग से: 45,000 डॉलर
अखबार में लपेटकर फॉल्स बॉटम में छिपाए थे डॉलर
तस्करों ने शातिर तरीका अपनाया था। सारे डॉलरों को अखबार में लपेटकर बैग के नीचे बने फॉल्स बॉटम (गुप्त खाने) में छिपाया गया था, ताकि स्कैनिंग में पकड़ में न आए। लेकिन CISF की पैनी नजर से वे बच नहीं सके।
दोनों यात्रियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच के लिए एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) और कस्टम विभाग को सौंप दिया गया है। अब एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसे बैंकॉक क्यों ले जाया जा रहा था।
