बाजारडीहा पहुंचे विधायक जितेंद्र तिवारी, बड़ों के पैर छूकर लिया आशीर्वाद और दी विजया दशमी की शुभकामनाएं
शिल्पांचल टुडे, रानीगंज।
विजया दशमी के पावन अवसर पर पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी ने लोगों से आत्मीय मुलाकात कर रिश्तों की गर्माहट को और मजबूत किया। वे शनिवार को रानीगंज के बाजारडीहा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्र के गणमान्य लोगों और स्थानीय परिवारों से मिलकर विजया की शुभकामनाएं दीं।
विधायक ने गांव के बुजुर्ग और विशिष्ट नागरिक राम चट्टोपाध्याय, नव बाद्यकर, अरुण राणा, लक्ष्मी बाद्यकर, दुलाल पाल, जयसेन प्रमाणिक और निरदवरण मंडल के घर जाकर उनके चरण स्पर्श कर विजया का प्रणाम किया और सुख-समृद्धि की कामना की।
इस दौरान विधायक तिवारी ने कहा, “त्योहार आते हैं और चले जाते हैं, लेकिन लोगों के बीच का प्रेम और अपनापन ही स्थायी रहता है। विजया का पर्व हमें यही सिखाता है कि हम अपने रिश्तों को और मजबूत करें।”
उन्होंने आगे कहा कि बड़ों का स्नेह, उनका आशीर्वाद और आम लोगों का प्यार ही उन्हें जनसेवा के पथ पर आगे बढ़ने की सबसे बड़ी प्रेरणा देता है। उनके इस दौरे से स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला।
