जमुड़िया में मुख्य सड़क पर बड़ी चोरी: दिव्यांग मैकेनिक के सूने घर से 50 ग्राम सोना, चांदी और 35 हजार कैश ले उड़े चोर – पुलिस जांच में जुटी
शिल्पांचल टुडे, जमुड़िया।
त्योहारी सीजन में चोरों के हौसले बुलंद हैं। जमुड़िया के बीजपुर इलाके में मुख्य सड़क पर स्थित एक घर में दिनदहाड़े बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने दिव्यांग गैरेज मैकेनिक गणेश गड़ाई के घर से लाखों के जेवर और नकद रुपये पर हाथ साफ कर दिया।
पत्नी को लाने ससुराल गए थे, पीछे हो गई चोरी
जानकारी के मुताबिक, गणेश गड़ाई शुक्रवार को अपनी पत्नी को लाने के लिए झारखंड स्थित ससुराल गए थे और रात वहीं रुक गए। शनिवार सुबह जब वे परिवार के साथ वापस लौटे तो घर का नजारा देख उनके होश उड़ गए।
बाहर का मुख्य ताला तो सही था, लेकिन अंदर के तीन दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। अंदर घुसते ही देखा कि सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी टूटी हुई थी।
पीड़ित के अनुसार, अलमारी में उनकी बेटी के लिए रखे हुए करीब 50 ग्राम सोना, 100 ग्राम चांदी और साड़ी में छिपाकर रखे हुए 35 हजार रुपये नकद गायब थे। बताया जा रहा है कि यह पैसा उन्होंने बेटी की स्कूल फीस और लक्ष्मी पूजा के लिए जमा कर रखा था।
चोरी के तरीके ने खड़े किए कई सवाल
इस चोरी में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि चोरों ने दूसरे कमरे में रखी खुले सिक्कों से भरी थैली और ठाकुरघर में रखे सामान को हाथ तक नहीं लगाया। इससे शक जताया जा रहा है कि चोरों को पहले से ही पता था कि घर में कीमती सामान कहां रखा है।
मुख्य सड़क पर हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का दावा है कि कुछ दिन पहले ही पास के SBI बैंक में भी चोरी की कोशिश हुई थी।
घटना की सूचना मिलते ही जमुड़िया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
