दुर्गा पूजा के बाद अब छठ की बारी: आसनसोल में तैयारियां तेज, विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने तपसी बाबा घाट का किया निरीक्षण
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
दुर्गा पूजा के उत्साह के बाद अब आसनसोल में आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। आसनसोल नगर निगम ने शहर के सभी छठ घाटों को श्रद्धालुओं के लिए तैयार करने की कवायद शुरू कर दी है।
इसी कड़ी में शनिवार को आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने नगर निगम के अधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भुरभुरिया नदी स्थित प्रसिद्ध तपसी बाबा छठ घाट का निरीक्षण किया।
घाट की सफाई और सुरक्षा पर विशेष फोकस
निरीक्षण के दौरान विधायक ने घाट पर चल रहे साफ-सफाई कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने घाट तक पहुंचने वाले रास्तों, लाइटिंग, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए बैठने व नहाने की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि छठ महापर्व पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु सूर्यदेव को अर्घ्य देने घाट पर पहुंचते हैं, इसलिए उनकी सुविधा और सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। किसी भी श्रद्धालु को किसी तरह की असुविधा न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि आने वाले कुछ दिनों में नगर निगम की टीम सभी प्रमुख छठ घाटों की साफ-सफाई और मरम्मत का काम पूरा कर लेगी ताकि छठ व्रतियों को एक स्वच्छ और सुरक्षित माहौल मिल सके।
