Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

बंगाल में फिर एनकाउंटर रेप-हत्या के आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में मौत, गाइघाटा में क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान पुलिस की गोलीबारी

उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल।

पश्चिम बंगाल के गाइघाटा में 17 वर्षीय छात्रा से कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले में गिरफ्तार 23 वर्षीय आरोपी प्रह्लाद दास की पुलिस ।मुठभेड़ में मौत हो गई। घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए घटनास्थल पर ले जाया गया था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर छीन ली और पुलिस पर गोली चलाने लगा। पुलिस का दावा है कि इसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें प्रह्लाद दास गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

क्या था मामला?
पुलिस के मुताबिक, गाइघाटा इलाके में शनिवार रात एक संगीत कार्यक्रम में गई कक्षा 11 की छात्रा लापता हो गई थी। रविवार सुबह उसका शव एक पड़ोसी के घर के पीछे मिला। शरीर पर चोट के निशान थे और पुलिस ने दुष्कर्म व हत्या की आशंका में जांच शुरू की थी। मामले में प्रह्लाद दास को गिरफ्तार किया गया था।

एनकाउंटर पर भी उठे सवाल
पुलिस ने इसे आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई बताया है। हालांकि, आरोपी के परिवार ने पुलिस के दावे पर सवाल उठाए हैं और घटना की परिस्थितियों की जांच की मांग की है। पुलिस अधिकारी ने भी कहा है कि आरोपी द्वारा हथियार छीनने और उसके बाद हुई गोलीबारी की परिस्थितियों की जांच की जाएगी।

खास बात: यह पिछले तीन महीनों में पश्चिम बंगाल में दुष्कर्म-हत्या के आरोपी की पुलिस फायरिंग में मौत का दूसरा ऐसा मामला बताया जा रहा है। इससे पहले जुलाई में दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर में भी इसी तरह एक आरोपी की मौत हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *