अंडाल DVC में ड्राइवरों का हल्लाबोल, मालिकों पर वेतन से 12 हजार काटने का आरोप – विरोध करने पर बैठाया काम से
अंडाल, शिल्पांचल टुडे।
अंडाल ताप विद्युत केंद्र के DVC गेट के सामने मंगलवार को वाहन चालकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। चालकों का आरोप है कि बैंक खाते में वेतन आने के बाद वाहन मालिक हर महीने उनके वेतन से 10 से 12 हजार रुपये की अवैध वसूली कर रहे हैं। विरोध करने पर उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी भी दी जा रही है।
कैसे हो रही है कटौती?
चालकों के मुताबिक, DVC अंडाल में वाहन मालिक संगठन के जरिए करीब 30 से 32 चार पहिया गाड़ियां लगी हुई हैं। काम के ग्रेड के हिसाब से ड्राइवरों को 22 हजार से 30 हजार रुपये तक वेतन उनके बैंक खाते में सीधे आता है।
आरोप है कि पैसा खाते में आते ही वाहन मालिक उनसे 10 से 12 हजार रुपये वापस ले लेते हैं।
विरोध करने पर पिंटू मंडल को हटाया
इस मामले का विरोध करने वाले चालक पिंटू मंडल ने आवाज उठाई तो उसे काम से बैठा दिया गया और उसकी जगह दूसरे ड्राइवर को रख लिया गया। इसी के विरोध में मंगलवार को सभी चालक एकजुट होकर DVC गेट पर प्रदर्शन पर उतर आए। चालकों ने इसकी शिकायत स्थानीय विधायक को भी दी है।
मालिक पक्ष ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं, इस मामले पर वाहन मालिक पक्ष के प्रतिनिधि आशीष पांडे ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि सभी चालकों को सरकारी नियम के अनुसार समय पर पूरा वेतन दिया जाता है और चालकों द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह गलत और बेबुनियाद हैं।
अब एक तरफ ड्राइवर वेतन कटौती का आरोप लगा रहे हैं तो दूसरी तरफ मालिक पक्ष इसे झूठा बता रहा है। सच्चाई क्या है, यह निष्पक्ष जांच के बाद ही सामने आएगी।
