पांडवेश्वर में 12 घंटे बाद बड़ा रेस्क्यू: 200 फीट नीचे फंसे 12 मजदूर जिंदा निकले, रातभर खदान पर डटे रहे विधायक जितेंद्र तिवारी
पांडवेश्वर, शिल्पांचल टुडे।
पांडवेश्वर की कुमारडीही-ए कोलियरी से आखिरकार राहत की बड़ी खबर आई है। खदान में करीब 200 फीट नीचे 12 घंटे से फंसे 12 मजदूरों को मंगलवार तड़के 5 बजे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। 12 घंटे की इस जंग में पूरी रात विधायक जितेंद्र तिवारी मौके पर डटे रहे।
कैसे फंसे थे 12 मजदूर?
सोमवार शाम करीब 5:30 बजे डोली को ऊपर-नीचे ले जाने वाली लोहे की रस्सी इंजन रूम के ड्रम में फंस गई। इससे डोली बीच रास्ते में ही अटक गई और 12 मजदूर 200 फीट की गहराई में खदान के अंदर ही फंस गए। घटना के बाद कोलियरी परिसर में हड़कंप मच गया और मजदूरों के परिजन रातभर खदान के बाहर टकटकी लगाए रहे।
रातभर मौके पर रहे विधायक तिवारी
खबर मिलते ही पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी कुमारडीही-ए कोलियरी पहुंचे। बताया जा रहा है कि वे पूरी रात घटनास्थल पर मौजूद रहे और लगातार अधिकारियों से बचाव कार्य की जानकारी लेते रहे। उनके साथ ECL के अधिकारी, कोलियरी प्रबंधन, प्रशासन और पुलिस की टीम भी रातभर रेस्क्यू में जुटी रही।
लगातार तकनीकी मरम्मत के बाद आखिरकार तड़के ड्रम की खराबी को ठीक किया गया और सभी मजदूरों को सुरक्षित ऊपर लाया गया।
सभी 12 मजदूर सुरक्षित, पर सुरक्षा पर सवाल बरकरार
लंबे समय तक खदान में फंसे रहने के बावजूद सभी 12 मजदूरों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। एहतियात के तौर पर उनकी स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है।
हालांकि, इस हादसे के बाद ECL की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। मजदूरों का आरोप है कि कुछ महीने पहले ही ड्रम की मरम्मत हुई थी, फिर भी इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई? क्या मेंटेनेंस में कमी थी? इसकी निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।
