जामुड़िया में मौत बनकर दौड़ रहे डंपर, बाइक को रौंदा – बाल-बाल बचा युवक, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्का जाम
जामुड़िया, शिल्पांचल टुडे।
जामुड़िया में एक बार फिर बेलगाम डंपरों का कहर देखने को मिला। मंगलवार को विजयनगर गांव में मिट्टी लदे एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक डंपर के नीचे घुसकर चकनाचूर हो गई। गनीमत रही कि बाइक सवार ने सूझबूझ दिखाते हुए समय पर छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई।
घंटों तक सड़क पर हंगामा
इस हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने विजयनगर में सड़क पर उतरकर कई घंटों तक सड़क जाम कर दिया और भारी वाहनों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों का आरोप है कि जामुड़िया औद्योगिक क्षेत्र से रोजाना 40 से 50 टन मिट्टी और राख लदे ओवरलोड डंपर गांव की पतली सड़कों से बेतहाशा रफ्तार में गुजरते हैं।
बिना ढके चल रहे डंपर, सड़क पर बिखर रही मिट्टी
ग्रामीणों ने बताया कि डंपरों में लदी मिट्टी और राख को ठीक से ढका नहीं जाता, जिससे रास्ते भर मिट्टी गिरती रहती है। बारिश में यही मिट्टी सड़क को फिसलन भरा बना देती है, जिससे हादसे का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों ने कई डंपरों के कागजात पर भी सवाल उठाए हैं।
भाजपा युवा मोर्चा भी उतरा विरोध में
जामुड़िया मंडल-1 भाजपा युवा मोर्चा के जीएस सौरभ पाल ने भी इस बेलगाम परिचालन के खिलाफ आवाज उठाई है। ग्रामीणों की मांग है कि गांव के अंदर ओवरलोड और तेज रफ्तार डंपरों की एंट्री पर तुरंत रोक लगाई जाए।
सूचना मिलते ही केंदा फांड़ी और जामुड़िया ट्रैफिक गार्ड की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर ग्रामीणों ने जाम हटाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और डंपर को जब्त कर लिया है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि प्रशासन आखिर कब जागेगा? क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है?
