Recent Posts

Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

बंगाल से दिल्ली जाने वाली प्रीमियम ट्रेनों का टूंडला में ठहराव हो, आसनसोल के व्यवसायी सुरेन जालान ने उठाई मांग – बोले, मथुरा-वृंदावन जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं को होगा फायदा

शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
बंगाल से दिल्ली रूट पर चलने वाली प्रीमियम और हाई-स्पीड ट्रेनों का टूंडला जंक्शन पर ठहराव देने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। आसनसोल के विशिष्ट व्यवसायी सुरेन जालान (सुरेश कुमार जालान) ने इस मांग को लेकर रेल मंत्रालय और रेलवे बोर्ड से अपील की है।

सुरेन जालान ने बताया कि बंगाल से दिल्ली जाने वाली नई ट्रेनों के टूंडला में ठहराव का वादा कई साल पहले किया गया था, लेकिन वह आज तक पूरा नहीं हो पाया है। इस कारण बंगाल, झारखंड, बिहार से मथुरा-वृंदावन जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बाबुल सुप्रियो ने दिया था आश्वासन, वादा आज भी अधूरा

सुरेन जालान ने बताया कि उन्होंने यह मांग पहले तत्कालीन केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो के सामने भी रखी थी। उस समय उनके सहायक ने भरोसा दिलाया था कि इस रूट पर किसी प्रीमियम ट्रेन का ठहराव दिया जाएगा, लेकिन वह वादा आज तक अधूरा है। अब उन्होंने यह मुद्दा राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल के सामने उठाया है। प्रवीण खंडेलवाल ने भी जल्द मांग पूरी कराने का आश्वासन दिया है।

टूंडला जंक्शन पर ठहराव क्यों जरूरी है?

सुरेन जालान के मुताबिक, टूंडला जंक्शन बेहद महत्वपूर्ण रेल नोड है, जो दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल को जोड़ता है। इसके बावजूद यहां से कई प्रीमियम और सुपरफास्ट ट्रेनें बिना रुके निकल जाती हैं।

1. समय और पैसे की बचत: अभी बंगाल से आने वाले यात्रियों को मथुरा-वृंदावन जाने के लिए पहले दिल्ली जाना पड़ता है, फिर वापस आना पड़ता है। टूंडला से मथुरा-वृंदावन की दूरी सड़क मार्ग (NH-19) से सिर्फ 1 से 1.5 घंटे की है। टूंडला में 2-3 मिनट का ठहराव मिल जाए तो श्रद्धालुओं का किराया और समय दोनों बचेगा।
2. NH-19 बिल्कुल पास: टूंडला जंक्शन के बिल्कुल पास से नेशनल हाईवे-19 गुजरता है, जहां से मथुरा-वृंदावन के लिए बस और टैक्सी आसानी से मिल जाती है।
3. बुजुर्ग, महिला और बच्चों को राहत: लंबा सफर तय करके दिल्ली जाकर फिर वापस मथुरा आना बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए बेहद थकाऊ होता है। टूंडला में ठहराव से उनकी यात्रा आसान हो जाएगी।

सुरेन जालान ने कहा कि अगर बंगाल से दिल्ली जाने वाली किसी भी हाई-स्पीड ट्रेन का 2 मिनट का भी टेक्निकल या कमर्शियल ठहराव टूंडला में दे दिया जाए, तो बंगाल के व्यापारियों और श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बंगाल के सभी जनप्रतिनिधियों से भी अपील की है कि वे रेल मंत्री से इस मांग को पुरजोर तरीके से उठाएं।

 

 

  

        

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed