Recent Posts

Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

आसनसोल की तस्वीर बदलेगी! मंत्री अग्निमित्रा पाल ने अधिकारियों को लगाई फटकार – बोलीं, “अब हर सोमवार हिसाब देना होगा, सड़क-लाइट-सफाई में लापरवाही नहीं चलेगी”

शिल्पांचल टुडे, आसनसोल, 30 अक्टूबर।

आसनसोल को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर बनाने के लिए राज्य की नगर विकास मंत्री और आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल ने कमर कस ली है। शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय में हुई हाई-लेवल समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कह दिया – अब काम में ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी।

इस बैठक में नगर निगम आयुक्त दिलीप मिश्रा समेत सभी विभागों के बड़े अधिकारी मौजूद रहे। पिछले 6 महीनों के कामकाज का लेखा-जोखा लिया गया।

मंत्री के 5 सख्त निर्देश:

1. हर सोमवार को देना होगा हिसाब: अग्निमित्रा पाल ने साफ कहा कि हर विभाग को अपने काम की मासिक रिपोर्ट तो देनी ही होगी, साथ ही हर सोमवार को उन्हें बताना होगा कि कौन सा काम पूरा हुआ, कौन सा अटका है और आगे क्या प्लान है।

2. गड्ढों वाली एक भी सड़क नहीं चलेगी: शहर में कोई भी सड़क टूटी-फूटी नहीं रहनी चाहिए। सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को तुरंत ठीक करने का आदेश दिया गया। रात में शहर अंधेरे में नहीं रहेगा।

3. कचरे पर वार: घर-घर से रोज कचरा उठना चाहिए। नालों की सफाई और खाली प्लॉटों पर पड़े कचरे के ढेर को तुरंत हटाने को कहा गया।

4. बंद पड़े दो मातृ सदन फिर खुलेंगे: स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी मंत्री गंभीर दिखीं। उन्होंने पूछा कि किस शहरी स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर हैं और कहां नहीं। साथ ही कई सालों से बंद पड़े दो मातृ सदनों को दोबारा शुरू करने का निर्देश दिया।

5. फुटपाथ पर पैदल चलने वालों का हक: शहर में फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त बनाने पर जोर दिया गया। मंत्री ने कहा, “फुटपाथ किसी दुकान की जागीर नहीं, पैदल चलने वाले आम लोगों का अधिकार है।”

इसके लिए दो इलाकों को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर चुना गया है – कालीपहाड़ी से मनोज सिनेमा हॉल तक और NH-19 के जुबली मोड़ से बर्नपुर स्कोब गेट तक। इन दोनों रास्तों को आदर्श फुटपाथ के रूप में विकसित किया जाएगा।

बैठक के बाद मंत्री ने कहा, “सिर्फ निगम के भरोसे शहर सुंदर नहीं होगा। नागरिकों को भी आगे आना होगा। लेकिन पहले हमें अपना काम ईमानदारी से करना होगा।”

साफ है, अब आसनसोल नगर निगम के अधिकारियों की हर हफ्ते क्लास लगने वाली है।

 

 

  

        

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed