कुल्टी में विजया सम्मेलन का भव्य आयोजन, PWD मंत्री डॉ. अजय पोद्दार हुए सम्मानित – पुलिस और पूजा समितियों ने दिया एकता का संदेश
शिल्पांचल टुडे, कुल्टी।
दुर्गा पूजा के बाद विजया दशमी के उल्लास को साझा करने के लिए कुल्टी थाना पुलिस की ओर से कुल्टी क्लब में एक भव्य विजया सम्मेलन 2026 का आयोजन किया गया। पूरा कार्यक्रम रंगारंग माहौल, सौहार्द और भाईचारे की मिसाल बन गया।
इस सम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर पश्चिम बंगाल सरकार के PWD और PHE मंत्री तथा कुल्टी के विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने उनका जोरदार स्वागत और सम्मान किया।
पुलिस, नेता और पूजा समितियां एक मंच पर
इस खास मौके पर प्रशासन, समाजसेवी और दुर्गा पूजा समितियों के लोग एक ही मंच पर नजर आए। सभी ने एक-दूसरे को विजया की शुभकामनाएं दीं और गले मिलकर सामाजिक एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मंत्री डॉ. पोद्दार ने अपने संबोधन में कहा कि दुर्गा पूजा सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि बंगाल की संस्कृति और एकता का प्रतीक है। पुलिस ने जिस तरह शांतिपूर्ण तरीके से पूजा संपन्न कराई, वह काबिले-तारीफ है।
कौन-कौन रहे मौजूद?
मंच पर एसीपी वेस्ट सोमनाथ साहा, कुल्टी थाना प्रभारी अशोक सिन्हा महापात्रा, बराकर फांड़ी प्रभारी अंजन कुमार रजक, संकतोड़िया फांड़ी प्रभारी विनय दास, नियामतपुर फांड़ी प्रभारी उत्पल घोषाल और चौरंगी फांड़ी के सभी अधिकारी मौजूद थे। सभी अधिकारियों को मंच पर सम्मानित किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि विजया सम्मेलन का मकसद पुलिस, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और पूजा कमेटियों के बीच के रिश्ते को और मजबूत करना है, ताकि आने वाले दिनों में भी सभी मिलजुल कर काम कर सकें।














