Burnpur में सुबह 4:30 बजे आबकारी विभाग का बड़ा धमाका! नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, स्कूल के सामने चल रहा था पैकेट शराब का खेल, एक गाड़ी शराब जब्त, दुकान सील
शिल्पांचल टुडे, बर्नपुर।
बर्नपुर में अवैध शराब के काले कारोबार पर आबकारी विभाग ने शनिवार तड़के बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक कर दी। हीरापुर थाना अंतर्गत नरसिंहबांध इलाके में सुबह करीब 4:30 बजे शुरू हुई छापेमारी ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।
लगभग 6 घंटे से ज्यादा चला यह तलाशी अभियान, जिसमें आबकारी विभाग के 20 से 25 अधिकारी पांच गाड़ियों में मौके पर पहुंचे थे।
दुकान के अंदर चल रहा था पैकेट में शराब भरने का खेल?
स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुकान के अंदर देशी शराब को पैकेट में भरने का काम किया जा रहा था। टीम ने दुकान के अंदर घुसकर एक-एक कोने की तलाशी ली। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन मौके से मिले सामान ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्कूल के सामने शराब दुकान से परेशान थे लोग
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस शराब दुकान को लेकर लंबे समय से नाराजगी थी। उनका कहना है कि दुकान के ठीक सामने एक स्कूल है, लेकिन इसके बावजूद यहां दिनभर नशेड़ियों की भीड़ लगी रहती थी।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि शराब की बिक्री के बाद अक्सर नशे की हालत में मारपीट और झगड़े की घटनाएं होती थीं, जिससे स्कूली बच्चों और महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
एक गाड़ी शराब जब्त, दुकान सील
छापेमारी के दौरान आबकारी विभाग की टीम ने बड़ी संख्या में शराब की पेटियां और बोतलें जब्त कीं। जब्त सामग्री को एक गाड़ी में भरकर ले जाया गया। इसके साथ ही संबंधित देशी शराब की दुकान को सील कर दिया गया है।
फिलहाल, कितनी मात्रा में शराब जब्त की गई है और दुकान के अंदर कथित तौर पर शराब को पैकेट में भरने का मामला क्या है, इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी।
बर्नपुर में आबकारी विभाग की इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट और विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी है।













