कोलकाता से मुंबई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में हाईजैक की धमकी, टॉयलेट के शीशे पर मिला संदेश; एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप
शिल्पांचल टुडे , कोलकाता।
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार (11 नवंबर) सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट में हाईजैक की धमकी मिलने की सूचना सामने आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विमान के टेकऑफ की तैयारी के दौरान क्रू मेंबर्स ने विमान के टॉयलेट के शीशे पर लिखा एक धमकी भरा संदेश देखा। संदेश में विमान को हाईजैक करने की चेतावनी दी गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, धमकी में सुबह 11:10 बजे हाईजैक किए जाने का उल्लेख था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पायलट और विमान कर्मियों ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी सूचना दी। इसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।
147 यात्रियों को विमान से उतारा गया
सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया और सभी 147 यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतारकर बाहर निकाला गया। इसके बाद CISF, बम निरोधक दस्ते, एयरपोर्ट पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की सघन तलाशी शुरू की।
फिलहाल विमान की जांच और धमकी भरा संदेश लिखने वाले व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। घटना के कारण विमान के परिचालन पर भी असर पड़ा है।
सुरक्षा जांच पूरी होने और संबंधित एजेंसियों से मंजूरी मिलने के बाद ही विमान के आगे के परिचालन पर फैसला लिया जाएगा।













