कुल्टी में गूंजा “जय जोहार – जय बिरसा”! जनजातीय गौरव दिवस पर मंत्री अजय पोद्दार ने किया धरती आबा को नमन, आदिवासी नृत्य और संस्कृति से झूम उठा सोदपुर मैदान
शिल्पांचल टुडे, कुल्टी।
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर कुल्टी में माहौल पूरी तरह आदिवासी संस्कृति और देशभक्ति के रंग में रंग गया। कुल्टी एस.टी. मोर्चा की ओर से सोदपुर एरिया ऑफिस मैदान में भव्य श्रद्धांजलि सभा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री डॉ अजय पोद्दार शामिल हुए। उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। जैसे ही उन्होंने प्रतिमा पर माला चढ़ाई, पूरा मैदान “जय जोहार! जय बिरसा मुंडा!” के नारों से गूंज उठा।
मंत्री डॉ अजय पोद्दार बोले – “बिरसा मुंडा सिर्फ नाम नहीं, विचारधारा हैं”
इस अवसर पर मंत्री डॉ अजय पोद्दार ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, साहस और बलिदान को याद करते हुए कहा कि आदिवासी समाज के अधिकारों, सम्मान और स्वतंत्रता के लिए उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा –
“भगवान बिरसा मुंडा के विचार और आदर्श आज भी समाज को देशभक्ति, एकता, स्वाभिमान और समाजसेवा की प्रेरणा देते हैं। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। बिरसा मुंडा सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, एक विचारधारा हैं।”
संस्कृति की झलक से झूम उठा मैदान
कार्यक्रम में श्रद्धांजलि के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सबका दिल जीत लिया। आदिवासी कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य, ढोल-नगाड़े और लोकगीतों के माध्यम से आदिवासी समाज की समृद्ध परंपरा, संस्कृति और गौरवशाली विरासत को सम्मान दिया।
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी ने पारंपरिक वेशभूषा में कार्यक्रम में हिस्सा लिया और बिरसा मुंडा के गीतों पर झूम उठे।
मौके पर जिलाध्यक्ष देबतानु भटचार्य भी उपस्थित थे।
