Recent Posts

Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

“भोजपुरी छठ गीत का विरोध करने वाले संविधान के विरोधी हैं, किसी माई के लाल में दम नहीं जो छठ को रोक सके” – राज ठाकरे पर भड़के RJD नेता नंद बिहारी यादव, बोले – “छठ किसी धर्म का नहीं, सनातन सत्य है”

शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
शिल्पांचल-कोयलांचल के जाने-माने वरिष्ठ अधिवक्ता, वरिष्ठ समाजवादी नेता और राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य नंद बिहारी यादव ने भोजपुरी छठ गीत का विरोध करने वालों को आड़े हाथों लिया है।

उन्होंने पश्चिम बंगाल, असम और महाराष्ट्र में भारतीय रेल के स्टेशनों, अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा और राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर छठ पूजा के भोजपुरी लोकगीत बजाए जाने का विरोध करने वाले महाराष्ट्र के मराठी नेता राज ठाकरे और पश्चिम बंगाल व असम में विरोध करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त टिप्पणी की और उन्हें खुली चुनौती दी।

“विरोध राजनीति से प्रेरित है, सत्ताधारी पार्टियों का खेल है”

श्री यादव ने कहा कि असम, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र – इन तीन राज्यों में भारतीय रेल, हवाई अड्डा में भोजपुरी छठ पूजा के लोकगीत बजाए जाने का विरोध खुलकर राजनीतिक दृष्टिकोण से किया जा रहा है। उन्होंने इसका सारा दोष वहां की सत्ताधारी पार्टियों पर ठोक दिया।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भी भोजपुरी लोकगीत बजाए जाने पर सख्त नाराजगी और बयान सामने आ रहे हैं। इस पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि भोजपुरी छठ लोकगीत भारतीय संस्कृति की परंपरा के अनुरूप है और कुछ लोग जो इसे सिर्फ “बिहारी का त्यौहार” कह रहे हैं, यह उनका भ्रम है।

“छठ आदि पर्व है, पूरे ब्रह्मांड में पूजा होती है”

श्री यादव ने कहा कि लोक आस्था का महापर्व छठ सूर्य उपासना यानी प्रकृति की पूजा है और यह पूरे ब्रह्मांड में की जाती है। यह आदि पर्व है, जहां सत्य, निष्ठा और प्रकृति की पूजा होती है।

उन्होंने कहा –
“जीवनदायी सूर्य जो साक्षात देव हैं, जो सारे सृष्टि के निर्माता हैं, जिनकी किरणों से जीवन चलता है और जिनके अस्त होने से जीवन का विलय हो जाता है, उनका डूबते हुए सूर्य और उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर उनसे प्रार्थना करना, उनका ध्यान लगाना ही छठ व्रत है।”

उन्होंने बताया कि सूर्य की उपासना बिहार की धरती से शुरू हुई और धीरे-धीरे यह पूरे भारतवर्ष और भारत ही नहीं, विदेशों में भी फैल गई।

“विदेशों में भी होता है छठ”

श्री यादव ने कहा कि भारत के अलावा युगांडा, थाईलैंड, सिंगापुर, मॉरीशस, दक्षिण अफ्रीका, सूरीनाम इन तमाम देशों में भी छठ पूजा होती है। छठ पूजा भारतीय सनातन सत्य है और यह किसी एक धर्म की पूजा नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मनुवादी और धर्म का धंधा व राजनीति करने वाले, जो वोट चोरी करके अवैध सत्ता और सरकार में बैठे हुए लोग हैं, वही भोजपुरी छठ गीत का विरोध कर रहे हैं। क्योंकि जिन राज्यों में विरोध हो रहा है, वहां की सत्ताधारी भाजपा की सरकार है।

“विरोध करने वाले संविधान विरोधी हैं”

श्री यादव ने भोजपुरी भाषा और भोजपुरी छठ गीत का विरोध करने वालों को भारत के संविधान का विरोधी बताया। उन्होंने कहा –
“भारत के संविधान में भारत के प्रत्येक नागरिक को अधिकार है कि किसी भी जाति, धर्म, भाषा का व्यक्ति अपने धर्म, अपनी परंपरा, अपनी सभ्यता और संस्कृति के अनुसार, अपने रीति-रिवाज के अनुसार कोई भी पूजा-पाठ कर सकता है। भारतीय संविधान अनुमति देता है कि वह बेफिक्र होकर देश के किसी भी कोने में पूजा-पाठ कर सकता है, उसे कोई माई का लाल नहीं रोक सकता।”

सब भाषाओं से प्रेम की अपील

उन्होंने देशवासियों से और विरोध करने वालों से भी अपील की कि किसी भी भाषा से नफरत न करें, सबके प्रति प्रेम और सम्मान रखें। भाषा चाहे हिंदी हो, भोजपुरी हो, बांग्ला हो, असमिया हो, मराठी हो – सभी भाषाओं की अपनी मान्यता और अपनी आस्था है।

उन्होंने कहा कि भोजपुरी भारत में हिंदी के बाद सबसे ज्यादा बोली जाने वाली बड़ी भाषा है, जो भारत देश में और विदेशों में भी बोली जाती है। इसलिए भोजपुरी भाषा का विरोध करना भारतीय संविधान का विरोध है।

 

  

       

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed