Recent Posts

Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

दुर्गापुर में इतिहास रच गया राढ़ बंगो! विजया सम्मिलनी और दीपावली मिलन में एक मंच पर आए बंगाल के दिग्गज उद्योगपति

शिल्पांचल टुडे, दुर्गापुर।
दुर्गापुर में एक ऐसा आयोजन हुआ, जिसने बंगाल की संस्कृति, परंपरा और कारोबार को एक ही मंच पर ला दिया। राढ़ बंगो, बंगाल बिजनेस काउंसिल के साउथ बंगाल चैप्टर की ओर से विजया सम्मिलनी और दीपावली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया।

दुर्गापुर के एक निजी होटल में दोपहर 12 बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम में बंगाल के बड़े-बड़े उद्योगपति, व्यापारी, उद्यमी, समाजसेवी और उनके परिवार बड़ी संख्या में पहुंचे। पूरा हॉल बंगाल के बिजनेस जगत का मिनी महाकुंभ बन गया।

पारंपरिक परिधान में दिखा असली बंगाल

इस कार्यक्रम की सबसे खास बात इसका ड्रेस कोड था – भारतीय पारंपरिक परिधान। सभी लोग धोती-पंजाबी, साड़ी और पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे। ऐसा लग रहा था जैसे पूरा बंगाल एक ही छत के नीचे आ गया हो।

आयोजकों ने कहा –
“विजया सम्मिलनी सिर्फ मिलन नहीं है, ये बंगाली संस्कृति की आत्मा है। ये पुनर्मिलन है, आपसी सौहार्द है, और कम्युनिटी बॉन्डिंग को मजबूत करने का सबसे आनंदमय अवसर है। दीपावली के प्रकाश पर्व पर हम सब इस खुशी को एक साथ मनाने के लिए जुटे हैं।”

एक ही मंच पर बंगाल के दिग्गज

इस कार्यक्रम में बंगाल के बिजनेस जगत के वो चेहरे मौजूद थे, जिनके नाम से ही बंगाल की पहचान है –

– बंधन बैंक के चेयरमैन चंद्रशेखर घोष
– चंद्रास केमिकल एंटरप्राइज के मैनेजिंग डायरेक्टर ईमनकल्याण घोष
– द मिशन हॉस्पिटल के मैनेजिंग डायरेक्टर तरुण भट्टाचार्य
– पार्वती ग्रुप के चेयरमैन सचिन राय
– राढ़ बंगो के दीपक रुद्रा, सपन चौधरी सहित तमाम विशिष्ट उद्योगपति

सभी ने एक-दूसरे को शुभ विजया और दीपावली की प्रीति, शुभेच्छा और अभिनंदन दिया। बड़ों ने छोटों को आशीर्वाद दिया, मिठाइयों का आदान-प्रदान हुआ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया।

सचिन राय का दमदार भाषण – “बंगाल फिर बनेगा व्यापार में नंबर-1”

कार्यक्रम का सबसे चर्चित पल रहा सचिन राय का संबोधन। उन्होंने कहा –

“बंगाल में बिजनेस की बहुत बड़ी संभावना है। हम चाहते हैं कि बंगाल के युवा सिर्फ नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें। बंगाल बिजनेस काउंसिल का उद्देश्य यही है कि हम बंगाल के उद्यमियों को पूंजी, तकनीक, मार्केट और मेंटरशिप से जोड़ें।”

उन्होंने आगे कहा –
“राढ़ बंगो के इस मंच से हम दक्षिण बंगाल के व्यापारियों को एकजुट कर रहे हैं। यहां के कोयला, इस्पात, हैंडलूम, फूड प्रोसेसिंग, टूरिज्म और एमएसएमई सेक्टर में अपार अवसर हैं। अगर हम सब मिलकर काम करें तो बंगाल फिर से देश के व्यापारिक मानचित्र पर सबसे आगे होगा। विजया सम्मिलनी और दीपावली का यह मिलन उसी एकता और नए संकल्प का प्रतीक है।”

बंगाल के युवाओं के लिए बड़े ऐलान

सचिन राय ने बताया कि आने वाले दिनों में बंगाल बिजनेस काउंसिल के तहत –
– निवेशकों की बैठक
– स्टार्टअप एक्सपो
– व्यापारिक प्रशिक्षण
– नए उद्यमियों के लिए विशेष सत्र

आयोजित किए जाएंगे। इससे स्थानीय व्यापारियों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजार से जुड़ने का मौका मिलेगा।

आयोजकों ने कहा कि बंगाल में व्यापार की अपार संभावनाएं हैं। यहां कुशल कारीगर, मेहनती युवा, समृद्ध संस्कृति और मजबूत बाजार मौजूद है। जरूरत है तो सिर्फ सही मंच, सही नेटवर्किंग और सही मार्गदर्शन की। राढ़ बंगो इसी उद्देश्य से काम कर रहा है ताकि छोटे, मध्यम और सभी तरह के व्यापारियों को एक साथ जोड़ा जा सके।

अंत में आयोजकों ने संकल्प लिया कि राढ़ बंगो का यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा। संस्कृति को बचाए रखते हुए व्यापार को आगे बढ़ाना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।

 

  

       

 

 

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed