दुर्गापुर में जगद्धात्री पूजा में पहुंचे CM शुभेंदु अधिकारी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी को दी श्रद्धांजलि – राम सर्किट और अंतरराष्ट्रीय गंगासागर मेले की बड़ी घोषणा से गूंजा शिल्पांचल
शिल्पांचल टुडे, दुर्गापुर।
जगद्धात्री पूजा के पावन अवसर पर दुर्गापुर में भक्ति और विकास का अद्भुत संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी दुर्गापुर में आयोजित जगद्धात्री पूजा समारोह में शामिल हुए और मां जगद्धात्री की पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की।
दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बनर्जी की पहल पर एएसबी मोड़ में ‘स्वप्न उड़ान’ के तहत इस भव्य पूजा समारोह का आयोजन किया गया था।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने भारत के इस महान सपूत को नमन किया।
IQ City मामले पर पूर्व सरकार पर साधा निशाना
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आईक्यू सिटी सामूहिक दुष्कर्म मामले का जिक्र करते हुए राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद महिलाओं को रात 8 बजे के बाद घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई थी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के शासन में पुलिस दुष्कर्मियों और अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई कर रही है। महिला सुरक्षा हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, महिलाओं को डरकर नहीं, बल्कि निर्भय होकर जीने का अधिकार है।
राम सर्किट और गंगासागर मेले को लेकर बड़ी घोषणा
मुख्यमंत्री ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं, जिससे पूरे कार्यक्रम में तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी।
1. बनेगा श्रीराम सर्किट – राज्य में श्रीराम सर्किट विकसित किया जाएगा। तारापीठ से दक्षिणेश्वर होते हुए मदनमोहन जी तक एक तीर्थक्षेत्र सर्किट बनाने की योजना है, जिससे धार्मिक पर्यटन को नई उड़ान मिलेगी।
2. अंतरराष्ट्रीय होगा गंगासागर मेला – आगामी गंगासागर मेले को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले में आने वाले साधु-संतों को अब खड़ की झोपड़ियों में नहीं रहना पड़ेगा। उनके लिए बेहतर टेंट की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही मेले के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी की जाएगी।
कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर सांसद सौमित्र खां, विधायक जितेंद्र तिवारी, चंद्रशेखर बनर्जी, लक्ष्मण घरुई समेत कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम में धार्मिक आस्था के साथ-साथ राज्य में पर्यटन विकास, महिला सुरक्षा और राजनीतिक मुद्दों पर भी मुख्यमंत्री ने अपनी बात रखी।













