Recent Posts

Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

बाराबनी में पांचगछिया पंचायत पर सियासी घमासान! कोरम के दिन तृणमूल के सभी सदस्य गायब, भाजपा ने बांटी मिठाइयां – लगाए भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप

शिल्पांचल टुडे, बाराबनी।
पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद बाराबनी ब्लॉक की पांचगछिया ग्राम पंचायत में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। शुक्रवार, 20 नवंबर को पंचायत में कोरम गठन की निर्धारित प्रक्रिया के दौरान तृणमूल कांग्रेस के किसी भी सदस्य के उपस्थित नहीं होने का दावा भाजपा नेताओं ने किया है। इसे लेकर पंचायत परिसर में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया।

भाजपा नेताओं का आरोप है कि लंबे समय तक पांचगछिया ग्राम पंचायत पर तृणमूल कांग्रेस का कब्जा रहा और इस दौरान विपक्षी सदस्यों को पंचायत में उचित स्थान तक नहीं दिया गया। भाजपा का दावा है कि अब राजनीतिक परिस्थितियां बदलने के बाद पंचायत की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।

तृणमूल सदस्यों की गैरहाजिरी पर भाजपा का हमला

भाजपा नेता अमल उर्फ मनु राय ने आरोप लगाया कि तृणमूल के पूर्व पंचायत प्रतिनिधि अपनी कथित गलतियों और भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण जनता के सामने आने से बच रहे हैं। उन्होंने पंचायत में चोरी और भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाते हुए कहा कि आने वाले दिनों में पंचायत के विभिन्न कार्यों की जांच कराई जाएगी और कथित अनियमितताओं की पड़ताल होगी।

पंचायत परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बांटी मिठाइयां

कोरम गठन नहीं होने की खबर के बीच पंचायत कार्यालय परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी और नारेबाजी की।

मनु राय ने दावा किया कि पांचगछिया पंचायत में लंबे समय से भय का माहौल बनाया गया था और भाजपा कार्यकर्ताओं को संगठित होने तक नहीं दिया जाता था। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम से भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों में भी खुशी है।

अब प्रशासन के अगले कदम पर नजर

कोरम का गठन नहीं होने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल है कि पांचगछिया ग्राम पंचायत का कामकाज आगे कैसे संचालित होगा। भाजपा नेताओं ने बाराबनी के बीडीओ और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर रखने की बात कही है।

वहीं, बीडीओ कार्यालय की ओर से कहा गया है कि कानून के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा कि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

फिलहाल भाजपा के आरोपों पर तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब प्रशासनिक निर्णय और पंचायत के आगामी कामकाज पर स्थानीय लोगों की नजरें टिकी हैं।

 

 

  

       

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed