ECL सोनेपुर बाजारी एरिया में कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच, 46 कर्मियों की हुई स्क्रीनिंग
शिल्पांचल टुडे, सोनेपुर बाजारी।
कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) के सोनेपुर बाजारी एरिया में प्री-शिफ्ट हाइपरटेंशन (उच्च रक्तचाप) जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम 19 नवंबर 2026 को सोनेपुर बाजारी प्रोजेक्ट में व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा (OHS) पहल के तहत मेडिकल विभाग की ओर से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन सोनेपुर बाजारी एरिया के GM श्री शंभू कुमार झा और सोनेपुर बाजारी प्रोजेक्ट के एजेंट श्री मनोज कुमार के मार्गदर्शन में हुआ।
इस दौरान डॉ. उमेश प्रसाद, AMO, सोनेपुर बाजारी एरिया और डॉ. अनुनय सामंत, सीनियर मेडिकल ऑफिसर ने कर्मचारियों को उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, मधुमेह, मोटापा और स्ट्रोक जैसी बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक किया। डॉक्टरों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और समय पर दवाइयां लेने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान कुल 46 कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें उच्च रक्तचाप के 2 नए मामले सामने आए। पहले से हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित कर्मचारियों को नियमित दवा लेने और समय-समय पर चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी गई।
ECL की इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों में बीमारियों की समय रहते पहचान करना और कार्यस्थल पर स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण को बढ़ावा देना है।













