Recent Posts

Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

आसनसोल में श्री श्याम जन्मोत्सव पर भक्ति का महासागर! राहा लेन श्याम मंदिर में हुआ अलौकिक श्रृंगार, छप्पन भोग और अखंड ज्योत, झुंझुनू के यश मिश्रा और जयशंकर चौधरी के भजनों पर झूमे हजारों भक्त

शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।

श्री श्याम जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर आसनसोल के श्री श्याम मंदिर, राहा लेन में भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। श्री श्याम सेवा ट्रस्ट के द्वारा विराट आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर प्रांगण में उपस्थित हुए और बाबा श्याम के जन्मोत्सव को बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया।

भव्य अलौकिक श्रृंगार और छप्पन भोग ने मोहा मन

इस अवसर पर बाबा श्री श्याम का भव्य अलौकिक श्रृंगार किया गया। फूलों से सजे दरबार में बाबा की मनमोहक छवि को देखकर भक्त भाव-विभोर हो उठे। इसके साथ ही बाबा को अखंड ज्योत और छप्पन भोग अर्पित किया गया। पूरा मंदिर परिसर फूलों, रोशनी और भजनों से जगमगा उठा।

एकादशी की ज्योत से हुई शुरुआत, फिर सजी भजन संध्या

सर्वप्रथम ट्रस्ट की ओर से एकादशी की ज्योत का आयोजन किया गया, उसके पश्चात भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन संध्या में विभिन्न भजन प्रवाहकों के द्वारा भजनों की अमृत वर्षा कराई गई, जिससे पूरा वातावरण श्याममय हो गया।

यश मिश्रा के भजनों पर खूब झूमे भक्त

झुंझुनू से आए प्रसिद्ध भजन प्रवाहक यश मिश्रा ने बाबा श्याम के मीठे-मीठे भजनों से सबको खूब झुमाया। उनके भजनों पर भक्त नाचते-गाते हुए बाबा के दरबार में अपनी हाजिरी लगा रहे थे।

उनके पश्चात श्री श्याम जगत के भजन प्रवाहकों में एक प्राचीन स्तंभ श्री जयशंकर चौधरी ने भी आसनसोल दरबार में प्रथम बार अपनी हाजिरी लगाई एवं भक्तों को पुराने एवं मीठे-मीठे भजनों से खूब आनंदित कराया। उनके भजनों को सुनकर कई भक्त भावुक हो गए।

विभिन्न क्षेत्रों से आई निशान यात्रा, मंदिर में हुआ निशान अर्पण

इससे पूर्व आसनसोल के विभिन्न क्षेत्रों से श्री श्याम निशान यात्रा भक्तों के द्वारा लेकर श्याम मंदिर में निशान अर्पण किया गया। हाथों में निशान लिए श्रद्धालु ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ और ‘जय श्री श्याम’ के जयकारे लगाते हुए मंदिर पहुंचे।

भंडारे में हजारों भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद

बाबा श्याम का श्रृंगार आज भव्य एवं अलौकिक था। भजनों के साथ-साथ सभी भक्तों के लिए भंडारे की व्यवस्था करवाई गई थी। हजारों की संख्या में लोगों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।

आज कार्यक्रम का पूरा संचालन श्री श्याम सेवा ट्रस्ट आसनसोल के द्वारा करवाया गया था। ट्रस्ट के सदस्यों ने सभी भक्तों का आभार व्यक्त किया और कहा कि बाबा श्याम की कृपा से हर वर्ष इसी तरह भव्य आयोजन किया जाएगा।

 

 

  

       

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed