AMC में हुआ बड़ा फैसला! आसनसोल में बनेगी गौशाला, ट्रांसजेंडर समुदाय को मिलेगा सहारा, आवारा कुत्तों का होगा टीकाकरण
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
आसनसोल को और अधिक सुरक्षित, संवेदनशील और सुंदर शहर बनाने के लिए आसनसोल नगर निगम (AMC) में आज अहम बैठक हुई। बैठक में शहर के तीन बड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई – ट्रांसजेंडर समुदाय का कल्याण, आवारा कुत्तों का टीकाकरण-नसबंदी और नई गौशाला का निर्माण।
बैठक में सबसे पहले ट्रांसजेंडर समुदाय के पुनर्वास पर जोर दिया गया। उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने, रोजगार, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन देने के लिए ठोस योजना बनाने पर सहमति बनी।
दूसरा बड़ा मुद्दा आवारा कुत्तों का रहा। शहर में बढ़ती कुत्तों की संख्या और काटने की घटनाओं को देखते हुए व्यापक नसबंदी और एंटी-रेबीज टीकाकरण अभियान चलाने का फैसला लिया गया, ताकि लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ पशुओं का भी संरक्षण हो सके।
तीसरा प्रस्ताव गौशाला को लेकर था। बेसहारा और सड़कों पर घूमने वाली गायों के लिए आसनसोल में आधुनिक गौशाला बनाने पर विचार हुआ, जहां उन्हें चारा, पानी, इलाज और सुरक्षित आश्रय मिलेगा।
बैठक में अधिकारियों ने तीनों योजनाओं को जल्द जमीन पर उतारने पर जोर दिया।













