Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

आसनसोल में पुलिस पर फायरिंग से हड़कंप! आरोपी प्रताप दास ने चलाई गोली, फिर हुआ फरार – दो थानों की पुलिस कर रही तलाश

शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।

आसनसोल में एक आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। लूट समेत कई आपराधिक मामलों में आरोपी बताए जा रहे प्रताप दास ने पुलिस को निशाना बनाकर कथित तौर पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसनसोल के इस्माइल इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आसनसोल दक्षिण थाना की पुलिस टीम प्रताप दास को गिरफ्तार करने के लिए इस्माइल इलाके में पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी को पुलिस की मौजूदगी का पता चल गया। आरोप है कि उसने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर गोली चला दी और तेजी से मौके से फरार हो गया।

दो थानों की पुलिस ने शुरू की तलाश

घटना के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। फरार आरोपी की तलाश में आसनसोल दक्षिण थाना और हीरापुर थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

पुलिस पर फायरिंग की इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। हालांकि, अब तक इस घटना में किसी पुलिसकर्मी या अन्य व्यक्ति के घायल होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपी प्रताप दास की तलाश में जुटी है। इलाके में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है।

 

 

  

       

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *