रानीगंज में महंगाई पर प्रशासन का शिकंजा! चीनी-सरसों तेल की कीमतों पर EB की छापेमारी, दुकानों में जांच से मचा हड़कंप
शिल्पांचल टुडे, रानीगंज।
चीनी और सरसों के तेल की बढ़ती कीमतों से परेशान आम लोगों के लिए प्रशासन अब एक्शन मोड में आ गया है। कालाबाजारी और अवैध जमाखोरी रोकने के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की एनफोर्समेंट ब्रांच (EB) ने रानीगंज के विभिन्न बाजारों में जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान EB अधिकारियों ने दुकानों में जाकर चीनी, सरसों का तेल और आलू समेत कई आवश्यक वस्तुओं की कीमतों की जांच की। दुकानदारों से खरीद कीमत, बिक्री मूल्य और स्टॉक से जुड़ी जानकारी भी ली गई।
क्या है प्रशासन का मकसद?
प्रशासन यह पता लगा रहा है कि कहीं कुछ व्यापारी जानबूझकर सामान की जमाखोरी कर बाजार में कृत्रिम संकट तो पैदा नहीं कर रहे हैं। निर्धारित कीमत से अधिक दाम पर सामान बेचने की शिकायतों पर भी नजर रखी जा रही है।
दरअसल, आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम लोगों के घरेलू बजट पर असर पड़ रहा है। खासकर मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों के लिए रसोई का खर्च संभालना मुश्किल होता जा रहा है।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सख्ती
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि कालाबाजारी और जमाखोरी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अब देखना होगा कि EB की इस कार्रवाई और बाजारों में लगातार निगरानी से खाद्य पदार्थों की कीमतों पर कितना असर पड़ता है।
आम लोगों की मांग साफ है – महंगाई पर लगाम लगे और जरूरी सामान उचित कीमत पर उपलब्ध हो।













