हरिपुर हिंदी हाई स्कूल में डॉ. हरिवंश राय बच्चन की प्रतिमा का अनावरण, विधायक जितेंद्र तिवारी ने दी श्रद्धांजलि
शिल्पांचल टुडे, पांडवेश्वर।
हिंदी साहित्य के महान कवि एवं कालजयी रचना ‘अग्निपथ’ के रचयिता डॉ. हरिवंश राय बच्चन की साहित्यिक विरासत को सम्मान देते हुए शुक्रवार को हरिपुर हिंदी हाई स्कूल परिसर में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशासनिक एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
समारोह में मुख्य रूप से पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी पोनम्बलम एस., IAS उपस्थित रहे। उनके साथ पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी ने भी कार्यक्रम में शिरकत की और महान कवि की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर विधायक जितेंद्र तिवारी ने डॉ. बच्चन की प्रसिद्ध कविता ‘अग्निपथ’ की प्रेरणादायक पंक्तियों को याद किया —
“वृक्ष हों भले खड़े, हों घने, हों बड़े,
एक पत्र छाँह भी माँग मत, माँग मत, माँग मत!”
उन्होंने कहा कि डॉ. हरिवंश राय बच्चन की कविताएं जीवन में संघर्ष, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। उनकी रचनाएं केवल साहित्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जीवन की कठिन परिस्थितियों में भी हार न मानने और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर बढ़ते रहने का संदेश देती हैं।
प्रतिमा का अनावरण हिंदी भाषा और साहित्य के प्रति सम्मान प्रकट करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को देश की समृद्ध साहित्यिक विरासत से परिचित कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
हरिपुर हिंदी हाई स्कूल परिसर में स्थापित यह प्रतिमा विद्यार्थियों को हिंदी साहित्य के महान रचनाकार के विचारों और उनकी कालजयी रचनाओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगी।
डॉ. हरिवंश राय बच्चन की साहित्यिक विरासत और उनकी अमर रचनाएं आने वाली पीढ़ियों को संघर्ष, साहस और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहेंगी।













