दुर्गापुर के DMC मोड़ पर 30 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा का भव्य उद्घाटन, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किया अनावरण
शिल्पांचल टुडे, दुर्गापुर।
दुर्गापुर के DMC मोड़ पर शुक्रवार को 30 फीट ऊंची भगवान हनुमान की विशाल प्रतिमा का विधिवत उद्घाटन किया गया। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूजा-अर्चना के बीच प्रतिमा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और धार्मिक संगठनों से जुड़े लोग मौजूद रहे।
दुर्गा पूजा पंडाल से DMC मोड़ तक पहुंची प्रतिमा
जानकारी के अनुसार, फाइबर ग्लास से निर्मित भगवान हनुमान की यह विशाल प्रतिमा इस वर्ष दुर्गा पूजा के दौरान दुर्गापुर के क्षुदिराम मैदान में ‘स्वप्न पूरण’ संस्था की ओर से आयोजित पूजा पंडाल के सामने स्थापित की गई थी।
दुर्गा पूजा के दौरान प्रतिमा श्रद्धालुओं और आम लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी थी। बाद में इसे DMC मोड़ पर स्थायी रूप से स्थापित करने का निर्णय लिया गया। क्रेन की मदद से प्रतिमा को निर्धारित स्थान पर पहुंचाया गया।
उद्घाटन समारोह में कई प्रमुख हस्तियां मौजूद
इस कार्यक्रम में दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लक्ष्मण चंद्र घोड़ुई, सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो और संत हिरण्मय गोस्वामी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
भिरंगी काली मंदिर में भी मुख्यमंत्री ने की पूजा
हनुमान प्रतिमा के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी दुर्गापुर के प्रसिद्ध भिरंगी काली मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने मां काली की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
30 फीट ऊंची भगवान हनुमान की प्रतिमा अब दुर्गापुर के DMC मोड़ की नई पहचान के रूप में देखी जा रही है। प्रतिमा को देखने के लिए स्थानीय लोगों में भी उत्साह दिखाई दे रहा है।













