आसनसोल में 331वें गाजन उत्सव का भव्य शुभारंभ, शताब्दी वर्ष में विशेष शोभायात्रा
आसनसोल । आसनसोल में शुक्रवार से गाजन उत्सव की शुरुआत हुई, जो आसनसोल ग्राम अंचल का एक प्रमुख प्राचीन और विख्यात त्योहार है। इस उत्सव का उद्घाटन एक विशाल शोभायात्रा के साथ किया गया, जो शिव मंदिर तक पहुंची। इस अवसर पर श्री श्री नीलकंठेश्वर ट्रस्ट के अध्यक्ष सचिन राय ने बताया कि आज से 331वें गाजन उत्सव का आरंभ हो रहा है, जिसमें आसनसोल ग्राम के निवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
उत्सव में आसनसोल नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, स्थानीय काउंसिलर उदय राय, और आसनसोल बीसी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉक्टर फाल्गुनी मुखर्जी सहित कई विशिष्ट व्यक्तियों ने भाग लिया। सचिन राय ने कहा कि गाजन उत्सव इस अंचल का एक बहु प्राचीन और महत्वपूर्ण त्योहार है, जो आज से शुरू होकर 6 दिनों तक चलेगा।
उद्घाटन के दिन नृत्य का आयोजन किया गया, और कल से चार दिवसीय यात्रा अनुष्ठान शुरू होगा, जो पहला बैशाख तक चलेगा। इस अनुष्ठान के माध्यम से पश्चिम बंगाल के इतिहास और ऐतिहासिक महत्व को दर्शाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 13 तारीख को रामशायेर मैदान से शिव मंदिर तक एक जुलूस निकलेगा, जिससे लोगों की मनोकामनाएं पूरी होंगी और वे ठाकुर को धन्यवाद देंगे।
गाजन का सबसे आकर्षक हिस्सा है *फोड़ा अनुष्ठान*। इस अनुष्ठान में भक्त अपने शरीर में तीर फोड़कर पूरे आसनसोल गांव की परिक्रमा करते हैं। गाजन उत्सव राड़बंग का एक प्रचलित उत्सव है और भक्त इस उत्सव का हिस्सा बनने के लिए आह्वान करते हैं।












