“यूपी में अब न कर्फ्यू है न दंगा, सब चंगा है—बंगाल में भी डबल इंजन से आएगा बदलाव” – योगी
“बंगाल भारत की प्रेरणा भूमि, वंदे मातरम की 150वीं वर्षगाँठ पर टीएमसी से मुक्ति का संकल्प”—योगी
बाराबनी । बाराबनी के अछड़ा हाई स्कूल मैदान गुरुवार को भाजपा उम्मीदवार अरजीत राय के समर्थन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभा में बंगाल की धरा को नमन करते हुए कहा—“बहनों-भाइयों, मैं बंगाल की पावन धरा को नमन कर रहा हूँ। ये भारत की प्रेरणा भूमि है, सैकड़ों वर्षों से रही है।”
बंगाल का योगदान गिनाया:
“इसी भूमि ने राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के रूप में रवींद्रनाथ ठाकुर की कृति दी। इसी बंगाल ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ दिया। वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं—जिस गीत ने भारत की आज़ादी को धार दी थी।”
आध्यात्मिक विरासत याद दिलाई:
“ये वही धरा है जहाँ रामकृष्ण परमहंस ने आध्यात्मिक ऊँचाइयों का परचम लहराया। यहीं से स्वामी विवेकानंद ने शिक्षा पाई और दुनिया के मंचों पर कहा—‘गर्व से कहो हम हिंदू हैं’।”
बलिदान का जिक्र:
“खुदीराम बोस हँसते-हँसते फाँसी चढ़ गए। नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने कहा था—‘तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूँगा’। ये सब बंगाल की माटी ने भारत को दिया।”
राजनीतिक संदेश:
“वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर बंगाल की धरती टीएमसी की आराधना से मुक्त होने का संकल्प ले रही है।”
“डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना मोदी ने पूरा किया, अब बंगाल में डबल इंजन सरकार”—
योगी आदित्यनाथ ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद करते हुए कहा—“‘दो विधान, दो निशान नहीं चलेंगे’ का घोष करने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंगाल की देन थे। कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण कश्मीर को अलग मान्यता मिल रही थी, लेकिन उनके संकल्प को पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा किया गया।”
370 पर बोले:
“कश्मीर में धारा 370 समाप्त हुई। आज कश्मीर में भारत का कानून वैसे ही लागू होता है जैसे बंगाल, बिहार, यूपी में।”
टीएमसी पर निशाना:
“पिछले 15 साल से बंगाल संकट से गुजर रहा है। टीएमसी ने बंगाल को माफिया राज और कटमनी-करप्शन का अड्डा बना दिया। नौजवानों, बेटी-बहनों के सामने भय का माहौल है। सैंड माफिया, कोल माफिया, लैंड माफिया पैदा हुए हैं। मोदी जी दिल्ली से जनता के लिए पैसा भेजते हैं, टीएमसी के गुंडे हजम कर जाते हैं।”
यूपी का उदाहरण:
“9 साल पहले यूपी की भी यही हालत थी—हर दूसरे-तीसरे दिन दंगा, त्योहार नहीं मना सकते थे, बहन-बेटी असुरक्षित, माफिया हावी थे, विकास का पैसा लूट लिया जाता था।”
समाधान बताया:
“इसका इलाज सिर्फ एक है—डबल इंजन की भाजपा सरकार। भाजपा का संकल्प है कि माफिया प्रवृत्ति को खत्म करेंगे।”
“यूपी में अब न कर्फ्यू है न दंगा, सब चंगा है—बंगाल में भी डबल इंजन से आएगा बदलाव”
योगी आदित्यनाथ ने यूपी का उदाहरण देते हुए कहा—“जब सरकार गरीबों का आवास बनाती है तो माफिया राज खत्म हो जाता है। आज यूपी में न कर्फ्यू है, न दंगा है—यूपी में अब सब चंगा है।”
राम मंदिर का जिक्र:
“पहले राम जन्मभूमि के लिए आंदोलन करना पड़ता था, राम भक्तों पर गोलियाँ चलती थीं। 1990 में टीएमसी की पार्टनर समाजवादी पार्टी ने गोलियाँ चलवाई थीं। यूपी में भी ममता दीदी की तरह राम नाम और दुर्गा पूजा से चिढ़ होती थी। डबल इंजन सरकार आई तो अयोध्या में भगवान राम का दुनिया का सबसे बड़ा मंदिर बनकर खड़ा हो गया। कांग्रेस रोक पाई? सपा रोक पाई? टीएमसी रोक पाएगी? इसकी गारंटी सिर्फ मोदी जी दे सकते हैं।”
वादा किया:
“मोदी है तो मुमकिन है। गारंटी सिर्फ बीजेपी दे सकती है कि दंगा नहीं होगा, कर्फ्यू नहीं लगेगा, गौ माता को कटने नहीं देंगे और हिंदुओं को बंटने नहीं देंगे।”
बंगाल की हालत पर बोले:
“बंगाल कभी भारत की कल्चरल कैपिटल था, पूरे देश को दिशा देता था। पहले कांग्रेस, फिर कम्युनिस्टों और 15 साल से टीएमसी ने पहचान का संकट खड़ा कर दिया। इन्होंने इसे क्राइम कैपिटल बना दिया। आज़ादी के बाद बंगाल विकास में आगे था, आर्थिक लीडर था। नौजवानों के लिए नौकरी थी, किसान प्रसन्न था, मछली-चावल का उत्पादन तेजी से बढ़ रहा था।”
टीएमसी पर आरोप:
“टीएमसी ने इसे भ्रष्टाचार, भय और अराजकता का केंद्र बना दिया। चावल उत्पादन घट रहा है, मछली उत्पादन का काम खत्म, संसाधनों पर माफिया हावी हैं। नौजवान के लिए नौकरी-रोजगार गायब, किसान परेशान क्योंकि उपज का दाम नहीं मिलता। यूपी में आलू का दाम 15-16 रु किलो है, बंगाल में सिर्फ 1-1.5 रु मिल रहा है।”
“उज्ज्वल भविष्य की गारंटी सिर्फ बीजेपी, अरजीत राय को भारी बहुमत से जिताएँ”—
चुनावी सभा के आखिर में योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी प्रत्याशी अरजीत राय के लिए जनता से समर्थन माँगा। उन्होंने कहा—“उज्ज्वल भविष्य का कारण सिर्फ बीजेपी है। आपके पास बीजेपी ने अरजीत राय जैसा जुझारू कार्यकर्ता दिया है, विधायक प्रत्याशी के रूप में।”
नाम का मतलब बताया:
“अरजीत का मतलब ही होता है जो शत्रु को जीत सके। इसलिए अर्जित राय को भारी बहुमत से विजयी बनाइए।”
डबल इंजन का वादा:
“बंगाल में बीजेपी की डबल इंजन सरकार लाइए। समस्या का समाधान प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन, डबल स्पीड से होगा—बुलेट की स्पीड से होगा।”
जनता से आह्वान:
“हेलीपैड के आसपास, दीवारों पर खड़े सभी लोग अरजीत राय को विजयी बनाकर भेजेंगे ना? दोनों हाथ उठाकर बोलो—भारत माता की जय।”
भीड़ से ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ सभा का समापन हुआ।
योगी आदित्यनाथ ने आसनसोल की शक्तिपीठों—माँ कल्याणेश्वरी मंदिर, मुक्ताई चंडी मंदिर, घाघर बुढ़ी माँ—को नमन किया। एनडीए प्रत्याशी अर्जित राय, राजस्थान विधायक जितेंद्र घटवाल, बीजेपी पदाधिकारी विवेक रांका, विवेक मिश्रा, अमन राय, काकोली घोष, संतोष सिंह, कृष्णा प्रसाद , राहुल सिंह समेत कई नेताओं का नाम लिया।












