पश्चिम बर्दवान में दोपहर से पहले ही दिखा जोश: सुबह 11 बजे तक 39% मतदान, रानीगंज-बाराबनी में सबसे तेज वोटिंग’
आसनसोल । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में पश्चिम बर्दवान जिले की 9 सीटों पर मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा है। चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक सुबह 11 बजे तक जिले में 39.02% मतदान दर्ज किया गया है।
दो घंटे में दोगुनी हुई रफ्तार
सुबह 9 बजे तक जहां 19% वोटिंग हुई थी, वहीं अगले दो घंटों में ही यह आंकड़ा 39% के पार पहुंच गया। गर्मी बढ़ने से पहले वोट डालने के लिए बूथों पर लंबी कतारें लगी रहीं।
रानीगंज फिर सबसे आगे
सबसे तेज मतदान रानीगंज विधानसभा क्षेत्र में हुआ जहां 11 बजे तक 41.15% वोट पड़ चुके थे। बाराबनी 40.87% और जामुड़िया 40.33% के साथ दूसरे-तीसरे नंबर पर रहे।
शहरी इलाकों में भी बढ़ी रफ्तार
शुरुआत में सुस्त रहे दुर्गापुर पूर्व में भी अब वोटिंग तेज हो गई है और 11 बजे तक 37.88% मतदान हुआ। आसनसोल उत्तर 38.12%, आसनसोल दक्षिण 39.45%, कुल्टी 39.21%, पांडवेश्वर 38.76% और दुर्गापुर पश्चिम 38.93% पर वोटिंग पहुंच गई है।
महिलाओं-युवाओं में उत्साह
सभी बूथों पर महिलाओं और पहली बार वोट डालने वाले युवाओं की अच्छी-खासी भीड़ देखी जा रही है। केंद्रीय बलों की 125 कंपनियों की कड़ी सुरक्षा के बीच लोग बेखौफ होकर वोट डाल रहे हैं।
शाम तक 80% पार का लक्ष्य
जिला प्रशासन को उम्मीद है कि दोपहर बाद और शाम 6 बजे तक मतदान 80% के पार जा सकता है। आयोग ने साफ किया है कि हर वोटर को वोट डालने का मौका मिलेगा, चाहे लाइन में शाम 6 बजे के बाद तक खड़ा होना पड़े।
पश्चिम बर्दवान की सभी 9 सीटों पर शांतिपूर्ण मतदान जारी है। मुर्शिदाबाद की कुछ जगहों को छोड़कर पहले चरण में अब तक वोटिंग शांतिपूर्ण रही है।












