‘प्रचार के आखिरी दिन बैरकपुर में हिंसा: भाटपाड़ा-जगद्दल में TMC-BJP कार्यकर्ताओं में झड़प, चलीं गोलियां, CISF जवान घायल’
बैरकपुर । पश्चिम बंगाल में दूसरे और अंतिम चरण के मतदान से ठीक पहले उत्तर 24 परगना का भाटपाड़ा-जगद्दल इलाका हिंसा की चपेट में आ गया। प्रचार के आखिरी दिन सोमवार को जगद्दल पुलिस थाने के सामने ही तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट हुई। देर रात अचला बागान इलाके में गोलियां भी चलीं जिसमें सीआईएसएफ जवान योगेश शर्मा के पैर में गोली लगी।
93% मतदान के बाद दूसरे चरण की तैयारी
23 अप्रैल को 152 विधानसभा सीटों पर पहले चरण का मतदान 93% से अधिक के साथ शांतिपूर्ण रहा था। 29 अप्रैल, बुधवार को दूसरे चरण का मतदान होना है। सोमवार को प्रचार के अंतिम दिन पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, सीएम योगी आदित्यनाथ, ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी समेत सभी बड़े नेता मैदान में थे।
पीएम की सभा से पहले धमकी का आरोप
जगद्दल से भाजपा उम्मीदवार राकेश कुमार ने आरोप लगाया कि जिलिपी मैदान में पीएम मोदी की जनसभा से पहले TMC कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को सभा में न जाने की धमकी दे रहे हैं। खबर मिलते ही नवपाड़ा से BJP उम्मीदवार और पूर्व एमपी अर्जुन सिंह जगद्दल पुलिस स्टेशन पहुंचे।
थाने के बाहर झड़प, सेंट्रल फोर्स का लाठीचार्ज
थाना के बाहर BJP और TMC के बीच झड़प हो गई। हालात काबू करने के लिए सेंट्रल फोर्स को लाठीचार्ज करना पड़ा।
रात में फिर बवाल: BJP उम्मीदवार के घर हमला, फायरिंग
उसी रात अचला बागान इलाके में दोनों दलों में कहासुनी के बाद झड़प शुरू हो गई। आरोप है कि BJP उम्मीदवार पवन सिंह के घर पर हमला हुआ और गोलियां चलाई गईं। पवन सिंह की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ जवान योगेश शर्मा को गोली लगी। पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थिति संभाली। जगद्दल थाना का मेन गेट कई घंटों तक बंद रहा।
TMC का पलटवार: “अर्जुन सिंह ने हमारे कार्यकर्ता को पीटा”
TMC उम्मीदवार अमित गुप्ता ने आरोप लगाया कि BJP नेता अर्जुन सिंह और उनके समर्थकों ने TMC कार्यकर्ता को पीटा।
चुनाव आयोग सतर्क
लगातार हिंसा के बाद चुनाव आयोग ने इलाके में अतिरिक्त केंद्रीय बलों की तैनाती के आदेश दिए हैं। 29 अप्रैल के मतदान के लिए संवेदनशील बूथों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।












